पूर्व SNDP योगम कनिचुकुलंगरा यूनियन के सचिव के.के. महेशन की पत्नी उषा ने रविवार को हरिपाद में केरल के मंत्री रमेश चेन्निथला से मुलाकात कर अपने पति की मौत की नए सिरे से जांच कराने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में मंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।
कब हुई थी महेशन की हत्या?
जून 2020 में अलाप्पुझा जिले के कनिचुकुलंगरा स्थित श्री नारायण धर्म परिपालन (SNDP) योगम यूनियन कार्यालय में महेशन का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। इस घटना ने उस समय राज्य में काफी चर्चा बटोरी थी।
किन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला?
पुलिस ने SNDP योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन, उनके प्रबंधक के.एल. अशोकन और उनके बेटे तुषार वेल्लापल्ली को आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज किया था।
आगे क्यों नहीं बढ़ी जांच?
महेशन की पत्नी उषा का आरोप है कि मामले में आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जांच इसलिए प्रभावित हुई क्योंकि इसमें वेल्लापल्ली नटेसन और तुषार वेल्लापल्ली जैसे प्रभावशाली लोगों के नाम शामिल थे। उषा ने हरिपाद स्थित मंत्री रमेश चेन्निथला के कार्यालय में उनसे मुलाकात कर मामले की नए सिरे से जांच के लिए एक नई जांच टीम गठित करने की मांग की। पत्रकारों से बातचीत में उषा ने कहा, "हमने उनसे अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए नई जांच टीम बनाई जाए।"
'मंत्री ने मामले की समीक्षा का भरोसा दिया'
उषा ने बताया कि जब उन्होंने अपना परिचय महेशन की पत्नी के रूप में दिया तो मंत्री ने उन्हें तुरंत पहचान लिया। हमने उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामला अभी भी लंबित है और आश्वासन दिया कि इसकी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:
मंदिर 'पब्लिक अथॉरिटी' नहीं: क्या यह कहकर छिपाई जा सकती है मंदिरों की जानकारी? CIC ने साफ कर दी तस्वीर
'हम न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे'
उषा ने आरोप लगाया कि वेल्लापल्ली नटेसन और तुषार वेल्लापल्ली उनके दिवंगत पति पर तरह-तरह के आरोप लगाकर परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि वे कानूनी लड़ाई छोड़ दें। लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता, हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।' UDF सरकार के सत्ता में आने के बाद उषा ने मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन को पत्र लिखकर मामले की नए सिरे से जांच कराने की मांग की थी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी.एम. सुधीरन ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर परिवार की इस मांग का समर्थन किया।