फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandni Chowk: क्या चांदनी चौक को दिल्ली से बाहर शिफ्ट करेगी सरकार, व्यापारियों में क्यों मचा हड़कंप?

Tue, 06 May 2025 08:58 PM IST
निर्मल कांत डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

Chandni Chowk: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान के बाद चर्चा है कि चांदनी चौक और सदर बाजार को शहर के बाहरी इलाके में शिफ्ट किया जा सकता है। इससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया है और वे सरकार के इस संभावित फैसले का विरोध कर रहे हैं। विपक्षी आम आदमी पार्टी ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए व्यापारियों के साथ सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
चांदनी चौक इलाका - फोटो : प्रशान्त पाण्डेय
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चांदनी चौक बाजार को दिल्ली की शान समझा जाता है। घूमने के लिए दिल्ली आने वाला हर सैलानी चांदनी चौक अवश्य घूमने जाता है। यहां लाखों व्यापारी परिवार कई पीढ़ियों से व्यापार करते आए हैं और यह देश के सबसे बड़े होलसेल बाजारों में भी गिना जाता है। लेकिन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान से यहां के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। कहा जा रहा है कि दिल्ली सरकार ने चांदनी चौक और सदर बाजार को दिल्ली के किसी बाहरी एरिया में बसाने का प्लान बना लिया है। इसे लेकर मंगलवार शाम को दिल्ली के सैकड़ों व्यापारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात भी कर रहे हैं।
विज्ञापन


कैसे शुरू हुई ये चर्चा
दरअसल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक कार्यक्रम में कहा कि चांदनी चौक बहुत सघन बसा हुआ है। व्यापारिक गतिविधियों के कारण यहां इतनी अधिक भीड़ भाड़ रहती है कि लोगों को खुली हवा में सांस लेने के लिए भी शाम होने का इंतजार करना पड़ता है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद चांदनी चौक के लाखों व्यापारियों में दहशत फैल गई। इसी तरह की चर्चा दिल्ली के सदर बाजार इलाके के बारे में भी है। चूंकि, इसके पहले भी दिल्ली के कई बाजारों को सघन इलाकों से हटाकर दूर-दराज के खुले इलाकों में सफलतापूर्वक बसाया जा चुका है, मुख्यमंत्री की इस बात को सभी व्यापारी बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। 

ये भी पढ़ें: 'हम मॉक ड्रिल के लिए तैयार': सीएम रेखा बोलीं- गृह मंत्रालय के निर्देश का होगा पालन, दिल्ली में बढ़ी सुरक्षा
विज्ञापन


क्या कह रहे व्यापारी
चांदनी चौक के व्यापारी अनिकेत अग्रवाल ने अमर उजाला से कहा कि चांदनी चौक केवल एक टूरिस्ट स्पॉट नहीं है, यह दिल्ली के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्रों में भी शामिल है। आज तक दिल्ली में चाहे जो सरकार आई, सबने चांदनी चौक को सजाने-संवारने का काम किया है। पूर्व सरकार ने भी चांदनी चौक को सजाने का काम किया था। अब नई परिस्थितियों में चांदनी चौक में कुछ समस्याएं आ गई हैं, इसे दूर किए जाने की आवश्यकता है। लेकिन इसे हटाने के लिए कोई व्यापारी सहमत नहीं होगा। 

सदर बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स के बड़े व्यवसायी गोपाल अग्रवाल ने कहा कि सदर बाजार दिल्ली के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। प्रतिदिन यहां से बड़ा व्यापार होता है। यदि सरकार इसे हटाने का निर्णय करती है तो सभी व्यापारी सड़कों पर उतरेंगे और सरकार के इस निर्णय का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बाजार से केवल दिल्ली ही नहीं, देश के कई राज्यों-शहरों के व्यापारी थोक में सामान ले जाते हैं। इसका स्थान बदलने से पूरा व्यापार चौपट हो जाएगा। हालांकि, व्यापारी ने स्वीकार किया कि यहां फुटपाथ पर बड़ी संख्या में अवैध व्यापार से लोगों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सरकार को गलतियों को सुधारना चाहिए।

ये भी पढ़ें: मॉक ड्रिल से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, कनॉट प्लेस में बढ़ाई गई सुरक्षा, ऐसा दिखा नजारा

आम आदमी पार्टी को मिला मौका
आम आदमी पार्टी ने चांदनी चौक के सौंदर्यीकरण का काम किया था। अब आम आदमी पार्टी को अवसर मिल गया है और वह भाजपा पर हमलावर हो गई है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा हमेशा व्यापारियों के विरोध में निर्णय लेती है। कभी वह गलत तरीके से जीएसटी लागू कर देश के व्यापारियों को परेशान करती है तो कभी उनके बसे बसाए ठिकानों को उजाड़कर उनका व्यापार नष्ट करती है। भारद्वाज ने कहा कि यदि सरकार इस योजना पर आगे बढ़ेगी तो आम आदमी पार्टी व्यापारियों के साथ सड़क पर उतरेगी।
विज्ञापन


कैट ने सौरभ भारद्वाज के बयान का किया विरोध
व्यापारी संगठन कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने सौरभ भारद्वाज के बयान का कड़ा विरोध किया है। खंडेलवाल ने कहा है कि दिल्ली का कोई बाजार न तो शिफ्ट किया जाएगा और न ही अपने स्थान से हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक और सदर बाजार में इन्हीं स्थानों पर बाजारों को पुनर्विकसित किया जाएगा जिससे व्यापारियों को नई व्यापारिक संभावनाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा केमिकल व्यापार को नरेला और पेपर व्यापार को गाजीपुर शिफ्ट किया गया था, लेकिन आज भी 14 वर्ष बीत जाने के बाद भी अभी तक बाजार शिफ्ट नहीं हो पाए हैं।

खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने चांदनी चौक सहित पांच बाजारों को सुंदर और आधुनिक बनाने की बड़ी घोषणा की थी, लेकिन इनमें पर्याप्त सुविधाएं नहीं बनाई गईं जिससे यहां का व्यापार अवरुद्ध हो गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बाजारों को विकसित करने का आश्वासन दिया है। दो मई को हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा की है। इससे व्यापारियों को लाभ होगा।


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें