फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Adani Row: क्या फिर अडानी विवाद की भेंट चढ़ जाएगा ये संसद सत्र, जेपीसी से जांच की मांग पर अड़ा विपक्ष

सार

Adani Row:  कांग्रेस के इस तेवर से अनुमान लगाया जा रहा है कि आगे भी सरकार की राह आसान नहीं होने वाली है। संभल और अजमेर शरीफ जैसे विवादों ने विपक्ष को और हथियार उपलब्ध करा दिए हैं। आम आदमी पार्टी ने संसद परिसर में ही दिल्ली में सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदर्शन कर भी विपक्ष के तेवर दिखा दिए हैं।
विज्ञापन
शीतकालीन संसद सत्र - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वर्तमान संसद सत्र अब तक जबरदस्त हंगामेदार रहा है। प्रियंका गांधी के शपथ ग्रहण जैसे कुछ अवसरों को छोड़ दें तो बाकी पूरे समय में सदन में केवल हंगामा होता रहा है। विपक्ष अमेरिका में उद्योगपति गौतम अदाणी पर लगे आरोपों की जांच के लिए जेपीसी गठित करने और इसके जरिए देश में पूरे मामले की जांच कराने की मांग को लेकर हंगामा कर रहा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने साफ कर दिया है कि इस मामले में जेपीसी की जांच से कम कुछ भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। उसे विपक्ष के सभी दलों का समर्थन हासिल है। 
विज्ञापन


कांग्रेस के इस तेवर से अनुमान लगाया जा रहा है कि आगे भी सरकार की राह आसान नहीं होने वाली है। संभल और अजमेर शरीफ जैसे विवादों ने विपक्ष को और हथियार उपलब्ध करा दिए हैं। आम आदमी पार्टी ने संसद परिसर में ही दिल्ली में सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदर्शन कर भी विपक्ष के तेवर दिखा दिए हैं। राजनीतिक गलियारों में अब यह संभावना जताई जाने लगी है कि यदि विपक्ष इसी तरह अड़ा रहा तो पूरा संसद सत्र इस  विवाद की भेंट चढ़ सकता है। इसके पहले हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के सामने आने के समय भी ऐसा हो चुका है।    

सरकार के पास जिस तरह लोकसभा और राज्यसभा में संख्या बल है, उसे देखते हुए यह अनुमान लगाया जा सकता है कि वह बेहतर सामंजस्य बिठाते हुए महत्त्वपूर्ण विधेयकों को पास कराने में सफल रहेगी। लेकिन इस तरह के हंगामे के कारण महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा से वंचित रहना पड़ सकता है। इससे देशवासियों को महत्त्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न दलों की राय जानने का अवसर नहीं मिलेगा। 
विज्ञापन


इसके पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में हुई बैठक में सभी विपक्षी दलों ने यह साफ कर दिया था कि अदानी मामले में वे सरकार को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। सभी दल इस मुद्दे पर एक साथ रहेंगे। राहुल गांधी ने कहा है कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा न कराकर उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। प्रियंका गांधी के संसद पहुंचने से नई जोश से लबरेज कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि सरकार इस महत्त्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा से भाग रही है।      

AAP सांसद ने कहा
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सुरक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने के लिए संसद परिसर का इस्तेमाल किया है। शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने अपने साथियों के साथ तख्तियां लेकर दिल्ली की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास पूरी दुनिया के मामले में टिप्पणी करने का समय है, लेकिन दिल्ली में लगातार एक के बाद एक आपराधिक मामले हो रहे हैं, लेकिन गृह मंत्री इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए आगे भी इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाये रह सकती है। 

संजय सिंह इसके पहले अदाणी मामले पर भी सरकार पर हमलावर थे। आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने इस मामले पर राज्यसभा में एक नोटिस देकर कहा था कि सभी मामलों को रोककर सबसे पहले इस मामले पर चर्चा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले को देखकर लग रहा है कि पूंजीपतियों और सरकार के बीच अनैतिक गठजोड़ है। इस प्रत्यक्ष गठजोड़ के कारण देश के अंदर पूंजीवाद बढ़ रहा है और अमीर-गरीब के बीच की खाई बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भ्रष्टाचार केवल एक उद्योगपति तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश की पूरी अर्थ व्यवस्था और संविधान पर गहरा संकट पैदा हो सकता है। 
विज्ञापन



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें