गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने वीरमगाम शहर की पुलिस के पास मामला दर्ज कराया है। अपनी शिकायत में उसका कहना है कि उसके पति ने उसे बुरी तरह से पीटा, उसके बाल खींचे और उसके सिर को दीवार पर मार दिया क्योंकि उसने शैंपू खरीदने के लिए पैसे मांगे थे।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है, 'रविवार सुबह जब मेरे पति घर पर थे और मैंने उनसे पैसे मांगे तो वह नाराज हो गए और मुझे गालियां देने लगे। जब मैंने उन्हें शांत करने की कोशिश की तो वह नाराज हो गए और अचानक मेरे बाल खींचकर सिर को दीवार पर मार दिया।' बाद में महिला ने 181 अभ्यानम हेल्पलाइन पर फोन किया। जिसके बाद काउंसलर उनके घर आया और उसने उनके पति को समझाने की कोशिश की कि उन्हें पत्नी को अपनी संपत्ति नहीं समझना चाहिए।
महिला के पति ने काउंसलर की बात पर कोई ध्यान नहीं दिया और अपनी पत्नी को घर से निकल जाने के लिए कह दिया। बाद में महिला ने वीरमगाम शहर पुलिस से संपर्क किया और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसकी शादी को 15 साल हो चुके हैं। एफआईआर में उसका कहना है कि उसका पति पश्चिमी रेलवे में क्लर्क के तौर पर काम करता है वह उसे अक्सर छोटे मुद्दों पर पीटा करता है।
शिकायतकर्ता ने कहा, 'जब हमारी शादी हुई तो मेरे पति के बड़े भाई और ननद हमारे साथ रहा करते थे। हमारे वैवाहिक जीवन की शुरुआत में मेरे पति के भाई और ननद उन्हें मेरी पिटाई करने के लिए उकसाया करते थे। मैं अपने दो बच्चों के भविष्य के लिए काफी समय तक चुपचाप रही।'
बाद में यह जोड़ा शास्त्रीनगर में शिफ्ट हो गया लेकिन भाई और ननद का हस्तक्षेप जारी रहा। रविवार को महिला को लगा कि सभी हदें पार हो गई हैं क्योंकि उसके पति ने उसके बाल खींचकर सिर को दीवार पर मारा था। जिसके बाद उसने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी।