कैकेयी की तरह कोप भवन में बैठना समाधान नहीं
पार्टी के बीतर दूसरे नेताओं की भी राय है। एक पूर्व महासचिव कहते हैं कि इस टीम और चेहरों का चयन किसने किया? संचालन, संयोजन, प्रचार अभियान सबकी जिम्मेदारी कौन तय कर रहा था? उस चेहरे का चयन किसने किया था? आदि-आदि? कांग्रेस पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी कर रही थी और डायस पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा मंच पर कौन सा उत्तर भारतीय नेता था? आखिर पार्टी शुरू से क्या संदेश दे रही थी। पार्टी के ही एक अन्य पूर्व महासचिव कहते हैं कि हार के बाद कैकेयी की तरह कोप भवन में बैठने से हल नहीं निकलेगा। पार्टी को खड़ा करने का रास्ता ईमानदारी से चिंतन और प्रयास के बाद आएगा। कभी सोनिया गांधी के विश्वासपात्र रहे एक अन्य नेता के मुताबिक जो हो रहा है, इसका पार्टी और देश में गलत संदेश जा रहा है।
बस 10-15 दिन की बात
आइए पार्टी के कुछ मौजूदा बड़े नेताओं की राय जानते हैं। कोई अधिकारिक रूप से इस मुद्दे पर नहीं बोलना चाहता, लेकिन निकर्ष यही है कि 10-15 दिन में कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर रास्ता निकल आएगा। राहुल गांधी ने 26 जून को संसद भवन परिसर में साफ कर दिया कि वह अपने स्टैंड पर कायम हैं। वह अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा वापस नहीं लेंगे। इस तरह से नए कांग्रेस अध्यक्ष की संभावना बनी है। पार्टी के नेता नए अध्यक्ष को लेकर अभी किंकर्तव्य विमूढ़ (कुछ न बता पाने की स्थिति) हैं। अधिकांश नेताओं का कहना है कि नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस दोनों एक दूसरे की पूरक है।
कोप भवन से बाहर आ गए हैं राहुल गांधी?
कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद राहुल गांधी कोप भवन में चले गए थे। उन्होंने पार्टी के नेताओं से मिलना बंद कर दिया था। पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य के कई प्रयास बेकार चले गए। लेकिन पिछले कुछ समय से वह कोप भवन से बाहर निकल आए हैं। लोगों से मिलना-जुलना, बातचीत करना शुरू कर दिया है। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, हरियाणा,दिल्ली के नेताओं से चर्चा शुरू कर दी है। बैठक बुलाना आरंभ किया है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि अब संवाद शुरू हुआ है तो रास्ता निकल आएगा। रास्ता निकलेगा तो यह भी पता चलेगा कि क्यों अध्यक्ष जी इस्तीफा पर अड़े हैं और इसका उपाय क्या है? अभी तो निरुत्तर रहकर इंतजार करना है।