पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का वक्तव्य आने के बाद मानो कांग्रेस को संजीवनी मिल गई हो। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की आक्रमकता में सोमवार को काफी इजाफा हुआ। राहुल ने एक बार से अधिक ट्वीट किया। उन्होंने शाम होते-होते सवाल उठाया कि आखिर चीन की मीडिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इतनी तारीफ क्यों कर रहा है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता जीतू पटवारी समेत अन्य ने मनमोहन सिंह के आवाज को धार दी।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का वक्तव्य सोशल मीडिया पर भी खूब पढ़ गया। कांग्रेस की आईटीसेल से जुड़े रोहन गुप्ता के अनुसार सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री के वक्तव्य को लोगों ने खूब पसंद किया। लोगों की प्रक्रिया से साफ लग रहा है कि लोग मौजूदा केंद्र सरकार के चीन से निबटने के तरीके से खुश नहीं है।
कांग्रेस के लिए सबसे अच्छा दिन इस मायने में रहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के वक्तव्य को लेकर भाजपा, उसके सोशल मीडिया पर प्रवक्ता भी रक्षात्मक भूमिका में रहे। मर्यादा या स्थिति की गंभीरता को समझकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कोई हमला नहीं बोला। अमित शाह ने पुरी में भगवान जगन्नाथ की यात्रा पर ट्वीट किया, लेकिन इस मुद्दे पर खामोश रहे।
भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा आज किसी भाजपा नेता ने इस मुद्दे पर मुंह खोलना उचित नहीं समझा। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने संभलकर प्रतिक्रिया दी। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मनोमोहन सिंह शरीफ आदमी हैं। उन्होंने बयान दिया नहीं है, बल्कि दिलवाया गया है। नकवी के अनुसार पिछले दिनों राहुल गांधी के कई बयान बहुत अर्मादित रहे। जिन लोगों ने राहुल गांधी को बयान लिखकर दिया, उन्होंने ही मनमोहन सिंह को भी लिखकर दिया है।
भाजपा के दो प्रवक्ताओं ने फोन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। एक प्रवक्ता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री को अपनी सवाल उठाने के पहले 10 साल की यूपीए सरकार के कामकाज को देख लेना चाहिए। भाजपा के एक अन्य पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को ऐसे समय में देश के सैनिकों का मनोबल गिराने का कोई प्रयास नहीं करना चाहिए। मनमोहन सिंह के वक्तव्य के बारे में पूछे जाने पर सूत्र ने कहा कि उनके पास इस मुद्दे पर बोलने के लिए कुछ भी नहीं है।
कांग्रेस यहां मनमोहन सिंह को ढाल बना रही है। नड्डा की आक्रमकता पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह अपना काम अच्छी तरह से कर रहे हैं।