West Bengal Violence: विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि- सीएम ममता बनर्जी के रवैये के कारण पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर हिंसा हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने मुर्शिदाबाद हिंसा की जांच एनआईए से कराने की मांग की है।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अध्यक्ष आलोक कुमार ने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी सरकार की हिंसक तत्वों के प्रति मूक समर्थन के कारण पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर हिंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी मुर्शिदाबाद में घटी हिंसक घटनाओं के पीछे बांग्लादेशी तत्वों को जिम्मेदार तो मानती हैं, लेकिन इस घटना की जांच एनआईए से कराने की मांग नहीं करतीं। इससे उनके इरादों पर संदेह पैदा होता है। विहिप इस हिंसा के खिलाफ पूरे देश में शनिवार 19 अप्रैल को प्रदर्शन करेगी। इस दौरान प. बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की जाएगी।
विज्ञापन
'ममता बनर्जी अपनी नाकामी छुपाने की कर रहीं कोशिश'
आलोक कुमार ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए स्वयंसेवी संगठनों के की तरफ से हिंसा से पीड़ित लोगों की भोजन-पानी और कपड़ों की सहायता करने को भी रोक रही हैं। अपने घर से पलायन को मजबूर हुए हिंदू परिवारों महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस सहायता को रोकना अमानवीय है। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद में हिंसक घटनाओं में जिन हिंदू परिवारों की घर-संपत्तियां जलाई गई हैं, उनकी तत्काल भरपाई की जानी चाहिए।
मुर्शिदाबाद की घटना की जांच NIA से कराने की मांग
हिंदुओं पर हुई हिंसा पर कोलकाता में शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आलोक कुमार ने कहा कि किसी मुद्दे पर धरना-विरोध प्रदर्शन तो पूरे देश भर में होते हैं, लेकिन केवल पश्चिम बंगाल में इन प्रदर्शनों के दौरान जमकर हिंसा होती है और एक तरफा इसमें हिंदुओं को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने मुर्शिदाबाद की घटना की जांच एनआईए से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले का पूरा सच सामने आना चाहिए।
पीड़ितों को जबरन वापस भेजने का आरोप
विहिप नेता ने कहा कि मुर्शिदाबाद में अभी भी हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं। पीड़ित डरे हुए हैं और अपने घर वापस जाने के लिए तैयार नहीं हैं। लेकिन उनकी असुरक्षा को दरकिनार कर उन्हें जबरदस्ती मुर्शिदाबाद वापस भेजा जा रहा है जहां उनकी जान-माल को खतरा हो सकता है। लेकिन केवल अपनी छवि चमकाने के लिए सरकार उन्हें वापस भेजने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य हुए बिना राज्य सरकार को पीड़ितों को वापस भेजने के निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
राष्ट्रीय स्तर पर विहिप करेगा प्रदर्शन
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने अमर उजाला से कहा कि इस हिंसा के विरोध में विहिप शनिवार 19 अप्रैल को पूरे देश में व्यापक धरना-विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन होगा और जिलाधिकारियों को ममता बनर्जी सरकार को बर्खास्त कर पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की जाएगी।