बंगलूरू पुलिस ने बुधवार को बताया कि भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी एमएम सोमैया के घर में घुसकर कीमती सामान चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चोरी किए गए सामान में 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय टीम के सदस्य के तौर पर जीता गया स्वर्ण पदक भी शामिल था। बरामद पदकों में 1982 के एशियाई खेलों का रजत और 1986 के एशियाई खेलों का कांस्य पदक भी शामिल है। सोमैया ने पुलिस की कार्रवाई पर खुशी जताते हुए कहा कि पदकों की वापसी से उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे उन्होंने दोबारा ओलंपिक पदक जीत लिया हो।
पेशेवर अपराधी हैं दोनों चोर
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंगलूरू निवासी माणिक्य उर्फ मणिकांता (31) और भरत (25) के रूप में हुई है। माणिक्य मजदूरी करता है। पुलिस ने बताया कि माणिक्य 33 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें से 25 मामले कर्नाटक और बाकी तमिलनाडु में दर्ज हैं। वहीं, भरत के खिलाफ हत्या और चोरी के दो मामले दर्ज हैं। बंगलूरू पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन गिरफ्तारियों की जानकारी दी।
चोरी हुए सभी आठ अंतरराष्ट्रीय पदक बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही चोरी हुए सभी आठ पदक बरामद कर लिए हैं। इनमें ओलंपिक स्वर्ण पदक के अलावा 1982 के नई दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 के सियोल एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 में एम्स्टर्डम में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक शामिल है। इनके अलावा अन्य कीमती सामान भी बरामद किया गया है।
28 अक्टूबर को घर का ताला तोड़कर की गई थी चोरी
पुलिस ने बताया कि चोरी की यह घटना 28 अक्टूबर को एचएएल थर्ड स्टेज इलाके में हुई थी, जो इंदिरा नगर पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। 67 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी सोमैया ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ कोडागु जिले में स्थित अपने पैतृक स्थान पर गए हुए थे। पुलिस के मुताबिक, सोमैया के एक पड़ोसी ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा। उन्हें चोरी का शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना सोमैया को दी। पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को जब सोमैया घर लौटे तो उन्होंने देखा कि अज्ञात लोगों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था। चोर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में जीते गए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के साथ सोने-चांदी की अन्य वस्तुएं और नकदी भी चुरा ले गए थे।
आठ विशेष टीमों ने जांच के बाद आरोपियों को पकड़ा
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए आठ विशेष टीमें गठित की थीं। 9 नवंबर को रामनगर के हगलाहल्ली क्रॉस के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। 10 नवंबर को दोनों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
स्वर्ण कंपनी से बरामद हुए दो पदक
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक राजाजीनगर की स्वर्ण कंपनी को बेच दिया था। दोनों पदक वहां से बरामद कर लिए गए। इसके अलावा एक आरोपी के घर से छह अन्य पदक, कोडावा समुदाय की तलवार, ओलंपिक बैग और कैमरा बरामद हुआ। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें:
सोनिया का दावा: ‘मोदी सरकार के पैरों तले खिसक चुकी है जमीन, सत्ता का पतन तय’, किताब में आरएसएस पर साधा निशाना
सोमैया ने पुलिस का जताया आभार
सोमैया ने बंगलूरू पुलिस कमिश्नर, डीसीपी (पूर्व) विक्रम अमाथे और इंदिरा नगर पुलिस टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने इंस्पेक्टर आनंद की विशेष रूप से तारीफ की, जिन्होंने पहले दिन से ही पदक वापस मिलने का भरोसा दिलाया था। सोमैया ने आगे कहा कि पदक वापस मिलने से उन्हें ऐसा लग रहा है, जैसे उन्होंने दोबारा ओलंपिक पदक जीत लिया हो। वहीं, डीसीपी विक्रम अमाथे ने मामले को सुलझाने वाली पुलिस टीम के लिए एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की।