विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस बुधवार को भारत पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। उन्होंने घेब्रेयेसस को ‘तुलसी भाई’ कहकर संबोधित किया। दरअसल, टेड्रोस पारंपरिक चिकित्सा पर गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होने वाले डब्ल्यूएचओ वैश्विक शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं।
आयुष मंत्रालय ने सोशल नेटवर्किंग साइट पर एक वीडियो साझा किया। मंत्रालय ने टेड्रोस का सम्मेलन में स्वागत किया। इस वीडियो में वह गुजराती नृत्य डांडिया करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेरे अच्छे मित्र तुलसी भाई नवरात्र उत्सव में शामिल होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं! डॉ. टेड्रोस, भारत में आपका स्वागत है।
घेब्रेयेसस ने पत्रकारों से कहा, मुझे यह नाम (तुलसी भाई) पसंद आया, क्योंकि तुलसी एक औषधीय पौधा है। मैंने कल्याण केंद्र में भी तुलसी का पौधा लगाया है। मुझे यह करते हुए बहुत खुशी हुई, क्योंकि इसके कई फायदे हैं। डब्ल्यूएचओ हमेशा आयुष्मान भारत का समर्थन करता है। हमारा मानना है कि देशों को प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल में निवेश करना चाहिए और भारत ऐसा कर रहा है। मुझे यहां आकर बहुत खुशी हुई। कोविड-19 की लड़ाई में भारत ने अच्छा काम किया।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 में वैश्विक आयुष निवेश और नवाचार सम्मेलन के दौरान डब्ल्यूएचओ महानिदेशक को यह नाम दिया था। डब्ल्यूएचओ वैश्विक शिखर सम्मेलन 17-18 अगस्त को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इसकी मेजबानी केंद्रीय आयुष मंत्रालय कर रहा है।