पुणे मेट्रो के खुदाई कार्य के दौरान शुक्रवार को एक सुरंग मिली है। माना जा रहा है कि ये सुरंग करीब एक सदी पुरानी है। इस सुरंग का इस्तेमाल कभी पानी के लिए हुआ करता था। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी है।
स्थानीय इतिहासकार मंदार लवादे का कहना है कि ये 57 मीटर लंबी सुरंग स्वारगेट क्षेत्र में स्थित है। ये करीब 90 साल पुरानी सुरंग है। उन्होंने कहा कि ये सुरंग ब्रिटिश काल की है जिसका इस्तेमाल पानी के लिए किया जाता था।
उन्होंने कहा, "स्वारगेट के पास एक जल निकाय था और एक नहर क्षेत्र से होकर जाती थी। यह संभावना है कि पानी को चैनल के माध्यम से निकाला जाता हो और बाद में स्वारगेट के पास स्वीमिंट पूल में डाला जाता हो।"
ये सुरंग सतह से 12-15 फीट नीचे है और 1.4 मीटर चौड़ी एवं 3.5 मीटर ऊंची है। इस मेट्रो परियोजना में काम कर रहे एक इंजीनियर का कहना है कि ये सुरंग मेट्रो विकास परियोजना के काम के दौरान मिली है।
इंजीनियर ने कहा कि "ये सुरंग दोनों ओर से बंद है। साथ ही 1200 मिमी व्यास का पाइप नहर से जुड़ा हुआ है।"