अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोग
- फोटो : पीटीआई
आम लोगों से भरा दुर्घटनास्थल जाने वाले रास्ता
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनास्थल की ओर जाने वाला रास्ता न केवल फॉरेंसिक और विमानन विशेषज्ञों से बल्कि आम लोगों से भी भर गया।
विमान दुर्घटनास्थल
- फोटो : पीटीआई
बड़ी संख्या में अंतिम संस्कार में पहुंचे ग्रामीण
शोक के प्रतीक के रूप में सफेद कपड़े पहने लोग दूर-दराज के इलाकों से यहां पहुंचे। वे उस जगह को देखना चाहते थे, जहां उनके 'दादा' (बड़े भाई) यानी अजित पवार ने अंतिम सांस ली थी।
बारामती विमान दुर्घटनास्थल
- फोटो : पीटीआई
काम करने वाले नेता थे अजित पवार: किसान
भीड़ में इंदापुर कस्बे के किसान अशोक जमादार भी शामिल थे, जो 60 किलोमीटर दूर से आए थे। उनका कहना था कि उन्हें उस व्यक्ति के लिए यह करना जरूरी लगा, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी। पत्नी का सहारा लेकर खड़े जमादार रोते हुए कह रहे थे कि उनके लिए पवार केवल एक बड़े नेता नहीं थे, बल्कि वह इंसान थे, जिनकी वजह से उनका परिवार जीवित रह सका। उन्होंने कहा, मैं किसान हूं। अजित दादा के फैसलों की वजह से मेरा तीन लाख रुपये का कर्ज माफ होने वाला था। उन्होंने कहा, वह काम करने वाले नेता थे। जो भी वादा किया, उसे पूरा किया।
अजित पवार के निधन के बाद शोक संतप्त लोग।
- फोटो : पीटीआई
राज्य का बजट पेश करने वाले थे उपमुख्यमंत्री अजित पवार
उपमुख्यमंत्री के तौर पर अजित पवार (66 वर्षीय) के पास वित्त और योजना विभाग का जिम्मा था और वह आने वाले हफ्तों में 2026-27 का राज्य बजट पेश करने वाले थे।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल की घेराबंदी की
हादसे के बाद जिस जगह विमान का मलबा पड़ा है, उसे पुलिस ने घेराबंदी कर बंद कर दिया है। विमानन मंत्रालय के तहत काम करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विमान दुर्घटनास्थल
- फोटो : पीटीआई
मलबा देखने के लिए रनवे पार करते रहे लोग
इलाके में घेराबंदी और पुलिस की तैनाती के बावजूद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचते दिखे और सिर्फ मलबा देखने के लिए रनवे को पार करते रहे।
विमान दुर्घटनास्थल के पास तैनात पुलिसकर्मी
- फोटो : पीटीआई
दुर्घटनास्थल के पास नहीं जाने दे रही पुलिस
एक अन्य स्थानीय निवासी राजेंद्र धमाले ने शिकायत की कि पुलिस लोगों को दुर्घटनास्थल के पास नहीं जाने दे रही है। उन्होंने कहा, हम केवल दूर से ही दुर्घटनास्थल को देख पाए।
विमान हादसा स्थल के पास लोग।
- फोटो : पीटीआई
प्रशासन ने 500 मीटर के दायरे में तैनात किया पुलिस बल
लोगों को दुर्घटनास्थल के पास जाने से रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन ने 500 मीटर के दायरे में पुलिस बल तैनात किया है।
अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल लोग
- फोटो : पीटीआई
पुलिस ने क्या कहा?
पुणे के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने कहा, आसपास के गांवों से कई लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे और लौटते समय उनमें से कई बारामती हवाई अड्डे की ओर चले गए। इसे देखते हुए हमने हवाई पट्टी पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। जांच के लिए विमान का मलबा बेहद अहम है, इसलिए पर्याप्त पुलिस सुरक्षा के साथ इलाके की घेराबंदी की गई है, ताकि किसी तरह की छेड़छाड़ न हो।
बारामती विमान हादसा
- फोटो : पीटीआई
हादसे में अजित पवार समेत पांच की मौत
पवार के अलावा, इस निजी विमान में सवार चार अन्य लोगों की भी इस हादसे में मौत हो गई।