महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि उनकी पार्टी एनसीपी का मानना है कि उत्तर प्रदेश में गैर भाजपा दलों का वोट बंटना नहीं चाहिए। मलिक ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) गोवा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस से बातचीत कर रही है। हालांकि अभी तक कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यूपी और गोवा दोनों में फिलहाल भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में जो पार्टी अपनी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी हमें उसकी सहायता करनी चाहिए।
मलिक ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा नदी को स्वच्छ और साफ बनाने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में उनके वाराणसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों में से भाजपा कम से कम चार सीट हारेगी।
एनसीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यूपी में अखिलेश यादव से बातचीत जारी है। गोवा में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कांग्रेस के प्रभारी दिनेश गुंडु राव से समान विचारधारा वाले दलों के मुद्दे पर बात की है। उन्होंने कहा कि गैर भाजपा दलों को एकजुट किया जा सकता है यदि कांग्रेस पहल करे। कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है और उसे इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
गौरतलब है कि गोवा विधानसभा के 2017 में हुए चनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और 40 सदस्यों वाली विधानसभा में 17 सीटें हासिल की थीं, लेकिन सरकार नहीं बना पाई थी। भाजपा को यहां 13 सीटें मिली थीं मगर क्षेत्रीय दलों के सहयोग से उसने प्रदेश में सरकार बना ली।
योगी की गिरफ्तारी की मांग की
राकांपा ने सवाल किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ के खिलाफ शिवसेना सांसद संजय राउत की तर्ज पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए प्राथमिकी कब दर्ज की जाएगी। महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नवाब मलिक ने योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो क्लिप भी ट्वीट किया। मलिक ने ट्वीट किया, जिस भाषा को लेकर संजय राउत जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, उस पर योगी जी के खिलाफ एफआईआर कब दर्ज होगी?
शिवसेना के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस सहयोगी हैं। मलिक ने एक राष्ट्र, दो कानूनों के हैशटैग का भी इस्तेमाल किया, जिसमें कहा गया है कि भाजपा और गैर-भाजपा दलों के नेताओं के लिए अलग-अलग कानून हैं।
ये है मामला
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज की नौ दिसंबर को दिल्ली के मंडावली पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर राउत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि 9 दिसंबर को एक मराठी समाचार चैनल पर प्रसारित एक साक्षात्कार में राउत ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ विवादित टिप्पणियां की हैं।