जिस दौर में लोग कोरोना वायरस से जूझते हुए इस महामारी के इलाज की खोज कर रहे थे, उस समय 63 साल का एक शख्स अपने लिए सातवीं पत्नी की तलाश कर रहा था। यह हैरान कर देने वाला किस्सा गुजरात के सूरत का है। सूरत के कपलेठा गांव के धनी किसान अयूब देगिया कई बीमारी से पीड़ित हैं। उन्हें मधुमेह और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियां हैं। इसके बावजूद इस उम्र में उन्हें सातवीं बार शादी करने की इच्छा है। उनकी इस चाहत पर हर कोई ताज्जुब कर रहा है।
अयूब ने बताया कि उनकी छठवीं पत्नी उनसे उम्र में 21 साल छोटी है। वह 42 साल की है। उसने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया है, जिस वजह से उन्हें अब सातवीं बार शादी करने की जरूरत महसूस हो रही है। अयूब ने कहा, 'उसने मुझे अपने साथ नहीं सोने दिया। वह कोरोना वायरस होने की बात कहकर अलग सोती थी। मुझे एक ऐसी पत्नी की जरूरत है जो मेरे साथ संबंध रख सके।' यह मामला थाने तक पहुंच चुका है। उनकी छठवीं पत्नी ने उनके खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 498-ए (विवाहित महिला के साथ क्रूरता) के तहत मामला दर्ज किया है।
अयूब देगिया ने सितंबर 2020 में छठवीं बार शादी की थी, लेकिन शादी के दो महीने बाद ही दोनों अलग हो गए। महिला के वकील चंद्रेश जोबनपुत्र ने बताया कि दिसंबर में अयूब अपनी छठवीं पत्नी को उसकी बहन के घर छोड़ आया था। उसने कहा था कि वह शहर से बाहर जा रहा है और लौटने पर उसे ले लेगा, लेकिन वह वापस नहीं आया। बाद में पता चला कि वह किसी सातवीं महिला के साथ रह रहा है। बता दें कि अयूब की पहली पत्नी जिंदा है और अपने पांच बच्चों के साथ उसी गांव में अलग रह रही है।
शादी से पहले अयूब की छठवीं पत्नी एक किसान की विधवा थी। उसका दावा है कि शादी के बाद गांव वालों से उसे पता चला कि अयूब ने उससे पहले पांच शादियां कर रखी थीं। पत्नी का आरोप है कि उसके पति ने उससे शादी करने से पहले पांच और शादियां की थीं, लेकिन इस बारे में उसे कुछ भी नहीं बताया था। उसने कहा कि मुझे छोड़ने के बाद अब वह सातवीं महिला के साथ रह रहा है। मुझे कुछ गांव वालों ने बताया कि वह कुछ महीनों तक महिलाओं के साथ संबंध रखता है और बाद में उन्हें छोड़ देता है।