आतंकियों की योजना इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट बंगलूरू (आईआईएमबी), होस्करहाली स्थित पीईएस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और सेनकी मार्ग स्थित ले मेरीडियन होटल पर हमला करने की थी। इस सभी स्थानों पर सेमिनारों का आयोजन हो रहा था, जिनमें कई हाई प्रोफाइल लोग भाग ले रहे थे।
आतंकियों की योजना सबसे पहले ले मेरीडियन होटल पर हमला करने की थी, जहां नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज कंपनीज (नासकॉम) ने सेमिनार आयोजित की थी। लेकिन आतंकियों की यह योजना धरी की धरी रह गई क्योंकि, उन्हें होटल के अंदर जाने के लिए कोई सही जगह नहीं मिली और ट्रैफिक की वजह से वह किसी और रास्ते से होटल नहीं जा सकते थे।
इसके बाद उन्होंने पीईएस इंस्टीट्यूट पर हमला करने की साजिश रची। यहां भी एक सेमिनार का आयोजन होना था। यहां भी आतंकी हमला नहीं कर सके क्योंकि भारी ट्रैफिक के चलते उनके भाग निकलने का कोई रास्ता नहीं था।
दो जगहों पर हमला करने में नाकाम रहे आतंकियों ने आईआईएमबी को निशाना बनाने की योजना बनाई, यहां भी एक सेमिनार हो रही थी। लेकिन, ट्रैफिक जाम में फंसने के कारण आतंकी आईआईएमबी तक पहुंच ही नहीं पाए और सेमिनार पूरी हो गई।
साल 2005 में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने ही बंगलूरू के इंडियन इंस्टीट्यूट पर हमला किया था। यह आंतकियों के लिए एक आसान निशाना था, क्योंकि इंस्टीट्यूट के भागने के लिए रास्ते आसान थे और यह उस जगह से नजदीक था जहां, आतंकी रुके हुए थे।