फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत विरोधी अभियान पर विदेश मंत्रालय सख्त: कहा- झूठ फैलाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण, ढाका से कार्रवाई की मांग

Tue, 10 Nov 2026 05:41 PM IST
प्रशांत तिवारी एएनआई, नई दिल्ली

सार

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यूक्रेन-रूस युद्ध समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि भारत दोनों देशों के साथ बातचीत कर शांति बहाली के लिए सुझाव साझा कर रहा है। ढाका के वीडियो को दिल्ली का बताकर दिखाने की कोशिशों पर भारत ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
रणधीर जायसवाल, प्रवक्ता विदेश मंत्रालय - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन-रूस युद्ध, बांग्लादेश में चीन के व्लॉगर्स की गतिविधियों, खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के मामले और अमेरिका के मध्यावधि चुनाव को लेकर भारत का रुख साफ किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि भारत यूक्रेन और रूस के बीच शांति स्थापित करने के लिए लगातार दोनों देशों के संपर्क में है। वहीं, बांग्लादेश की झुग्गी-बस्तियों के वीडियो को दिल्ली का बताकर दिखाने की कोशिशों को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इसके अलावा उन्होंने क्वाड की आगामी बैठकों और भारत-अमेरिका संबंधों पर भी बात रखी।

विज्ञापन


यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए भारत ने दोनों देशों को दिए सुझाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच हुई बातचीत को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत का शुरू से यही मानना रहा है कि शांति केवल बातचीत और कूटनीति के रास्ते ही बहाल हो सकती है। हाल के महीनों में प्रधानमंत्री मोदी ने भी लगातार इस बात पर जोर दिया है कि युद्ध रुकना चाहिए और संघर्ष खत्म होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में रूस और यूक्रेन दोनों के संपर्क में है और दोनों देशों के साथ कुछ सुझाव साझा किए हैं। इनमें काला सागर में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, ऊर्जा निर्यात और खाद्य आपूर्ति को लेकर दोनों देशों की चिंताओं का समाधान करना और हमले से बचने के दूसरे विकल्पों पर विचार करना शामिल है।

मोदी-जेलेंस्की की बातचीत में मानवीय मुद्दों पर हुई चर्चा
रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच हुई टेलीफोन पर बातचीत में दोनों नेताओं ने संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रमों पर अपने-अपने विचार रखे। इस दौरान मानवीय मुद्दों पर खास तौर पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने शांति बहाल करने के लिए चल रहे दूसरे प्रयासों पर भी बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन में शांति स्थापित करने में मदद के लिए हर संभव प्रयास करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। जायसवाल के मुताबिक, इस बातचीत के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों पर चर्चा की।
विज्ञापन


ढाका को दिल्ली बताकर दिखाने पर भारत ने जताई नाराजगी
बांग्लादेश की झुग्गी-बस्तियों से चीनी व्लॉगर्स की ओर से कथित तौर पर लाइव स्ट्रीमिंग किए जाने और वहां के दृश्यों को दिल्ली का बताकर पेश करने के मामले पर भी विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी। रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने इस संबंध में मीडिया रिपोर्टें देखी हैं। किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ढाका को दिल्ली के रूप में दिखाने के लिए बाहरी लोगों का इस्तेमाल करना और इस तरह के झूठे नैरेटिव फैलाना उन लोगों की विश्वसनीयता को ही नुकसान पहुंचाता है, जो ऐसा कर रहे हैं और जिनके इशारे पर यह सब किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह भी किया।

पन्नू मामले में भारत ने आरोपों को बताया मनगढ़ंत
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े मामले पर विदेश मंत्रालय ने भारत का पक्ष साफ किया। रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को खारिज करता है। साथ ही, ऐसे बेबुनियाद मुकदमों को भी स्वीकार नहीं करता। उन्होंने कहा कि भारत में न्यायिक दस्तावेजों को तामील कराने का अनुरोध केवल भारत के अधिकृत केंद्रीय प्राधिकरण यानी विधि एवं न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही भेजा जा सकता है।

अमेरिका के मध्यावधि चुनाव पर भारत ने नहीं की टिप्पणी
अमेरिका के मध्यावधि चुनाव (मिडटर्म इलेक्शन) के नतीजों पर पूछे गए सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह अमेरिका का आंतरिक मामला है और भारत इस पर कोई विशेष टिप्पणी नहीं करना चाहता। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि अमेरिका में भारत के साथ संबंधों को वहां की दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों, रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी, का समर्थन हासिल है। भारत अमेरिका के साथ अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में काम जारी रखेगा।

ये भी पढ़ें: एक्सप्लेनर: बांग्लादेश के हाल दिखा चीनी व्लॉगर्स कैसे रच रहे भारत की बदनामी की साजिश; क्या है तरीका, वजह क्या?
विज्ञापन


क्वाड की अगली उच्चस्तरीय बैठकों पर भारत की नजर
क्वाड की आगामी बैठकों को लेकर रणधीर जायसवाल ने कहा कि हाल के दिनों में शिखर सम्मेलन स्तर पर कई उच्चस्तरीय बैठकें हुई हैं। इसके अलावा अटलांटा में हुई जी-20 बैठक के दौरान भी क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि क्वाड की दूसरी उच्चस्तरीय बैठकों और शिखर सम्मेलन स्तर की आगामी बैठकों के बारे में भारत समय-समय पर जानकारी देता रहेगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें