नौतपा की शुरुआत के साथ ही पूरा उत्तर भारत तेज धूप में झुलसने लगा है। कई जगहों पर पारा 47 डिग्री को पार कर चुका है। अगले पांच दिनों तक यही तापमान बना रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना के कारण मौसम वैज्ञानिक 29 मई को दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में हल्की बारिश की उम्मीद कर रहे हैं।
इस दिन हवा में हल्के बादल छाए रहेंगे और धूल भरी आंधी चल सकती है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस वर्ष अच्छी गर्मी पड़ेगी।
पांच जून से देश के दक्षिणी हिस्सों से बारिश की शुरुआत हो जाएगी जो धीरे-धीरे उत्तर की तरफ बढ़गी और 30 सितंबर के आसपास तक जारी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री तक बना रह सकता है। बुधवार को 45-28 डिग्री और गुरुवार को 41-28 डिग्री बना रह सकता है।
इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं पर हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री तक रह सकता है। शनिवार को भी तापमान में कमी बनी रहेगी।
अनुमान है कि शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दिन भी हल्की बारिश होने का अनुमान है।
मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मई महीने में पड़ रही इस समय की तेज गर्मी इस साल कड़ी गर्मी का पहला दौर है। देश में सामान्य तौर पर अप्रैल माह में ही तेज गर्मी का पहला-दूसरा चरण संपन्न हो जाता था।