फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत की तैयारी: अरुणाचल में 11,200 MW का बांध क्यों बनाना चाहती है सरकार? जानिए क्यों हो रहा विरोध प्रदर्शन

Sun, 22 Nov 2026 08:31 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

चीन द्वारा यारलुंग त्सांगपो (ब्रह्मपुत्र नदी) पर दुनिया के सबसे बड़े बांध का निर्माण शुरू किए जाने के बीच भारत अरुणाचल प्रदेश में सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट की तैयारी कर रहा है। आखिर यह परियोजना भारत के लिए इतनी अहम क्यों है?
विज्ञापन
Siang Upper Multipurpose Project - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चीन की यारलुंग त्सांगपो (ब्रह्मपुत्र नदी) पर दुनिया का सबसे बड़ा बांध बनाने की योजना ने भारत की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इसी बीच अरुणाचल प्रदेश में भारत सरकार का प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट चर्चा में है। इस परियोजना को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों के विरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस परियजना को राष्ट्रीय महत्व का बताया है। उन्होंने कहा है कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ अरुणाचल प्रदेश के विकास बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा और राज्य की आर्थिक स्थिति के लिए भी बहुत जरूरी है। 23 अक्तूबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने के बाद शाह इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। इस दौरान उन्होंने सियांग के लोगों की चिंताओं और आशंकाओं को समझने की बात कहते हुए भरोसा दिलाया कि सभी संबंधित पक्षों के साथ सकारात्मक बातचीत की जाएगी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर यह परियोजना क्या है? सरकार इसे इतना महत्वपूर्ण क्यों मान रही है और स्थानीय लोग इसका विरोध क्यों कर रहे हैं? 

क्या है सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट?

चीन की ओर से ब्रह्मपुत्र नदी पर दुनिया का सबसे बड़ा हाइड्रोपावर बांध (मेदोग परियोजना) शुरू किए जाने के बाद भारत भी सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट की योजना पर काम कर रहा है। यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले में सियांग नदी के आसपास प्रस्तावित है। सियांग नदी ही ब्रह्मपुत्र की मुख्य धारा है, जिसे अरुणाचल में सियांग कहा जाता है। यह भारत के लिए रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है।

विज्ञापन


आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस नदी का उद्गम तिब्बत में कैलश पर्वत के पास होता है। यहां इसे यारलुंग त्सांगपो कहा जाता है। यह नदी तिब्बत में 1 हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करती है। इसके बाद नामचा बरवा पर्वत के पास एक बड़े घुमाव से गुजरते हुए अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करती है। असम पहुंचने पर इसमें दिबांग और लोहित नदियां मिलती हैं। इसके बाद इसे ब्रह्मपुत्र के नाम से जाना जाता है।

सियांग अपर प्रोजेक्ट को भारत की जल और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने चेतावनी दी है कि भविष्य में युद्ध या तनाव की स्थिति में चीन इस विशाल बांध से अचानक भारी मात्रा में पानी छोड़कर इसे भारत के खिलाफ एक वॉटर बम की तरह इस्तेमाल कर सकता है। ऐसे में भारत की यह परियोजना चीन की गतिविधियों से पैदा होने वाले संभावित जोखिमों का मुकाबला करने की रणनीति का एक प्रमुख हिस्सा है।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

Siang Upper Multipurpose Project - फोटो : Amar Ujala
इस प्रोजेक्ट की प्रस्तावित स्थापित क्षमता 11,200 मेगावाट है। इस परियोजना के जरिए ब्रह्मपुत्र नदी के पानी का इस्तेमाल बिजली उत्पादन के साथ-साथ जल भंडारण के लिए भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारी बारिश या चीन की ओर से अचानक पानी छोड़े जाने की स्थिति में बाढ़ के खतरे को कम करना है। इसके अलावा परियोजना से स्थानीय लोगों को पीने योग्य साफ पानी उपलब्ध कराने की भी योजना है। इसे नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन की ओर से विकसित किया जाना प्रस्तावित है।

हालांकि, इस परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी विरोध हो रहा है। अपर सियांग और सियांग जिलों में रहने वाले आदि जनजाति के लोगों को आशंका है कि बांध बनने से उनकी खेती की जमीन और घर डूब सकते हैं। यही वजह है कि विकास और रणनीतिक सुरक्षा से जुड़ी इस योजना के सामने स्थानीय लोगों के विस्थापन और आजीविका का सवाल एक बड़ी चुनौती बन गया है।

सियांग प्रोजेक्ट का विरोध क्यों कर रहे हैं स्थानीय लोग? 

स्थानीय आदि जनजाति के लोगों और सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम जैसे संगठनों के मुताबिक इस परियोजना के कारण करीब 27 गांव पूरी तरह डूब सकते हैं, जबकि सियांग और अपर सियांग जिलों के 27 से 40 गांवों पर इसका असर पड़ सकता है। इससे लोगों के घरों और धान के खेतों के अलावा संतरे के बागान भी प्रभावित हो सकते हैं। इस परियोजना के चलते एक लाख से डेढ़ लाख लोगों के विस्थापित होने की संभावना भी जताई जा रही है। ग्रामीणों को अपने पूर्वजों के कब्रिस्तान और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत खोने का भी डर है।

वहीं दूसरी ओर स्थानीय निवासयों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं का कहना है कि इतनी बड़ी परियोजना से सियांग नदी का प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा हिमालय का यह इलाका भूकंप के लिहाज से भी काफी संवेदनशील है। ऐसे क्षेत्र में विशाल बांध का निर्माण भविष्य में गंभीर जखिम पैदा कर सकता है।

सरकार सियांग अपर प्रोजेक्ट को विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण मानती है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के मुताबिक इस परियोजना से चीन की ओर से यारलुंग त्सांगपो नदी पर बनाए जा रहे बांधों के संभावित असर से निपटने और पानी का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिल सकती है। इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव 2017 में नीति आयोग ने दिया था, जिसे 2024 में दोबारा आगे बढ़ाया गया।

हालांकि, परियोजना को लेकर विरोध भी तेज हुआ। 23 अक्टूबर 2026 को सियांग जिलों में 12 घंटे के बंद के दौरान पासीघाट में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। इस दौरान आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया था। कई लोग घायल हुए और एनएचपीसी के एक कार्यलय सहित संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। वहीं अब गृह मंत्री अमित शाह ने भरोसा दिलाया है कि स्थानीय लोगों के साथ सकारात्मक बातचीत की जाएगी और उनकी संस्कृति व धार्मिक मान्यताओं से समझौता नहीं होगा। इस दौरान उन्होंने विरोध कर रहे लोगों और संगठनों से राज्य सरकार के साथ चर्चा करने और राज्य प्रशासन के माध्यम से गृह मंत्रालय तक अपनी बात पहुंचाने की अपील भी की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें