'दंगल' और 'सीक्रेट सुपरस्टार' फिल्मों में काम कर चुकीं जायरा वसीम ने फ्लाइट में छेड़खानी की शिकायत की है। जायरा एयर विस्तारा एयरलाइन से मुंबई आ रही थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोग इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सेलिब्रिटी से लेकर राजनेताओं तक ने इस घटना पर दुख और गुस्सा जताया है।
पहलवान गीता और बबीता फोगाट ने जायरा के साथ हुई घटना की निंदा करने के साथ ही उन्हें मजबूत बने रहने के लिए भी कहा है। गीता फोगाट ने तुरंत इस मसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, "जायरा वसीम के साथ जो हुआ वो बहुत ही शर्मनाक है। लेकिन, अगर मैं उसकी जगह होती तो रोना उसको पड़ता जिसने ऐसी हरकत की है!!"
जायरा ने 'दंगल' फिल्म में गीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाया था।
ZairaWasim के साथ जो हुआ वो बहुत ही शर्मनाक है....लेकिन अगर मैं उसकी जगह होती तो रोना उसको पड़ता जिसने ऐसी हरकत की है !!#ZairaWasim— geeta phogat (@geeta_phogat) December 10, 2017
वहीं, गीता फोगाट की बहन बबीता फोगाट ने इस मामले को लेकर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में बबीता ने अपील की है कि छेड़खानी की हरकत करने वालों को एक्सपोज करें। लड़कियां मज़बूत बनें और सतर्क रहें। ऐसी हरकत करने वाले को जवाब दें। उन्होंने जायरा के लिए कहा कि उन्हें किसी से डरने की ज़रूरत नहीं है। जम्मू और कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने ट्वीट किया, 'महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न/ अपराध से जल्दी और प्रभावी रूप से निपटाना चाहिए।'
उन्होंने आगे लिखा, "दो लड़कियों की मां होने के तौर पर जायरा वसीम के साथ जो हुआ मैं उससे डर गई हूं। उम्मीद है कि संबंधित प्राधिकरण सख्त कदम उठाएंगे।"
The passenger should be identified to the police by @airvistara & a case filed for legal action. None of this “he fell at my feet so I forgive him” rubbish! https://t.co/1umbBOOGAu— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) December 10, 2017
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, "एयर विस्तारा को उस यात्री की पहचान कर पुलिस को बताना चाहिए और कानूनी कार्रवाई के लिए मामला दर्ज करना चाहिए।" अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी इस मसले पर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, "बेहद शर्मनाक और असहनीय। हम अब उस स्थिति में हैं जहां एक 17 साल की बच्ची को बताना पड़ रहा है कि क्या सही है और क्या गलत। तुम्हारे आसपास के लोग तुम्हारा मनोबल गिराने की कोशिश करेंगे लेकिन तुम्हें लड़ते रहना है. कई लोग तुम्हारे साथ हैं।"
वहीं, कुछ लोगों ने ये सवाल भी उठाया है कि ज़ायरा वसीम ने इस घटना की शिकायत करने के बजाए पहले वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर क्यों डाला। क्या ये पब्लिसिटी स्टंट है। एक यूजर जागृति शुक्ला ने लिखा है, "जब हम किशोरों को वयस्कों जैसी सजा देने की मांग करते हैं तो ज़ायरा वसीम बच्ची कैसे हुईं? उन्होंने क्रू या ग्राउंड स्टाफ को शिकायत नहीं की। न ही अपनी सीट बदलने के लिए बोला।"
स्वरा भास्कर ने अपने ट्वीट्स में इस बात पर विरोध भी जताया है. उन्होंने इसे छेड़खानी करने वाले का बचाव करार दिया है। इसी पर विरोध जताते हुए कवि और आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने ट्वीट किया, "अपनी प्रतिभा से पहचान बनाने वाली 17 साल की बच्ची एयर विस्तारा में खुद के साथ छेड़छाड़ को रोते हुए बताती है तो धार्मिक घृणा से बजबजाती महिलाएं उसकी पीड़ा के उपचार की बजाय इसे भी उस बच्ची का पब्लिसिटी स्टंट बता रही हैं? सिर्फ 'जायरा' नाम के कारण? हम शायद ज़्यादा बीमार हो रहे हैं।"