पूर्व कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के घर पर 6 दिसंबर को हुई बैठक को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच घमासान मचा है। भाजपा नेता अजय अग्रवाल के यह मुद्दा उठाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात चुनावों में इसको लेकर कांग्रेस पर निशाना साध दिया। जिसको लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तलवारें खिंच गई हैं।
कांग्रेस ने चुनावों में इसे मुद्दा बनाने पर प्रधानमंत्री मोदी से माफी की मांग की है वहीं भाजपा ने इस मुद्दे पर सफाई मांग ली है। दूसरी ओर एक दिन पहले मणिशंकर के घर बैठक की बात को भाजपा का झूठा करार देने वाले कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने मान लिया है कि बैठक हुई थी।
यह भी पढ़ेंः पाक ने कहा- हमें न घसीटो अपने दम पर चुनाव जीतो, भारत बोला- मत दो सलाह
हालांकि उन्होंने यह भी तंज कस दिया है कि यह एक डिनर पार्टी थी, क्या उसके लिए भी सरकार को बताना जरूरी है। दूसरी ओर बैठक में शामिल रहे पूर्व आर्मी चीफ ने भी पुष्टि की बैठक हुई थी और उसमें पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री भी मौजूद रहे थे।
इस पूरे विवाद की शुरूआत तब हुई जब पूर्व कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री मोदी को 'नीच' कह डाला था। इसके बाद उनकी कांग्रेस नेतृत्व ने तुरंत एक्शन लेते हुए उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। लेकिन अय्यर के इस बयान को भाजपा ने मुद्दा बना दिया।
पूर्व आमी चीफ दीपक कपूर ने की पुष्टि हुई थी बैठक, वो भी थे मौजूद
मामले ने तूल तब पकड़ा जब रायबरेली में सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा से चुनाव लड़ने वाले नेता अजय अग्रवाल ने आरोप लगाया कि इस बयान से एक दिन पहले ही मणिशंकर अय्यर के घर पर हाईप्रोफाइल बैठक हुई थी जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी के साथ ही पाकिस्तानी राजदूत भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ेंः PAK की सफाई के बाद बोली कांग्रेस- PM का बयान अपमानजनक, माफी मांगें मोदी
इस बैठक को लकर विवाद मचा तो कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने इसे भाजपा द्वारा फैलाई अफवाह बताते हुए बैठक से साफ इंकार कर दिया। लेकिन एक दिन बाद ही भारत के पूर्व आमी चीफ दीपक कपूर ने शर्मा के दावे को गलत साबित कर दिया।
कपूर ने बताया कि अय्यर के घर पर बैठक हुई थी और वो भी उसमें शामिल रहे थे। इसके अलावा पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी, भारत के पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह, पूर्व राजनयिक सलमान हैदर, टीसीए राघवन, शरत सबरवाल आदि भी मौजूद रहे थे। हालांकि उन्होंने बैठक में गुजरात चुनाव को लेकर किसी चर्चा से साफ इंकार किया।
पूर्व विदेश मंत्री कसूरी भी थे बैठक में मौजूद, नहीं हुई गुजरात चुनावों पर चर्चा
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कपूर ने कहा कि बैठक के दौरान भारत पाकिस्तान रिश्तों को लेकर चर्चा हुई थी चुनावों का वहां कोई जिक्र नहीं हुआ।
पार्टी में मौजूद एक और व्यक्ति ने अखबार से बताया कि वहां 20 के करीब लोग मौजूद थे। उन्होंने साफ किया कि वहां स्थानीय राजनीति को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। हमने वहां पाकिस्तान, आतंकवाद और हाफिज सईद के अलावा भारत पाकिस्तान के रिश्तों को लेकर बात की।
सूत्रों के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी वहां चर्चा के लिए बुलाया गया था लेकिन उन्होंने सिर्फ डिनर में आने के लिए ही सहमति दी। दूसरी ओर पूर्व पाक विदेश मंत्री कसूर भारत-पाकिस्तान रिश्तों को लेकर दिल्ली के अनंत सेंटर में होने वाली एक कान्फ्रेंस में भाग लेने के लिए भारत आए हुए थे।
वहीं दीपक कपूर के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने माना कि अय्यर के यहां बैठक हुई थी जो कि एक डिनर पार्टी थी, हालांकि उन्होंने उल्टे सरकार से ही सवाल पूछ लिया कि क्या अब खाने के लिए भी सरकार से पूछना होगा।