पूरे देश में कोरोना के मद्देनजर जनता कर्फ्यू लगाया हुआ है। जनता कर्फ्यू में नागरिकों को स्वेच्छा से घर में रहने की सलाह दी गई है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि रात 9 बजे तक अपने घरों में रहें और शाम 5 बजे अपने घरों की छतों और बालकनी में आएं। बालकनी में आकर उन लोगों को प्रोत्साहित करने करें जो इन हालात में भी जरूरी काम से घरों से बाहर निकल रहे हैं।
जनता कर्फ्यू के दौरान से 14 घंटे घर के अंदर रहना किसी के लिए भी आसान नहीं है। इस बीच घरों में बैठे लोग मनोरंजन के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। अमर उजाला ने कई लोगों से बात कर जाना कि वो जनता कर्फ्यू में किस तरह का योगदान दे रहे हैं?
अमर उजाला की टीम ने कई लोगों से बात की। अपने मनोरंजन के लिए लोग तरह तरह के विकल्प अपना रहे हैं। कई लोग घरों में अपना समय बिताने के लिए किताबों का सहारा ले रहे हैं तो कुछ लोग स्केचिंग और ड्रॉइंग में अपना समय व्यतीत कर रहे हैं।
कहीं सोसाइटी बंद हो जाने की वजह से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल है। मनोरंजन के लिए कुछ लोगों ने नेटफ्लिक्स, अमेजॉन प्राइम और हॉटस्टार जैसे ऑनलाइन मीडिया को अपना साथी बना लिया है। घर में बैठकर नौकरी से मिली छुट्टी एक बड़ा कारण है कि लोग अपने शौक पर ध्यान दे पा रहे हैं। हमसे बातचीत में लोगों ने बताया कि ये एक अच्छा मौका है कि अपने शौक को पूरा किया जाए। लोगों ने बताया कि घरों में बैठकर वो स्क्रेचिंग, ड्रॉइंग, बुनाई जैसे कामों को अपना रहे हैं।
कोरोना वायरस के कोहराम के कारण कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को टाल दिया गया है। कई विश्वविद्यालयों ने छात्रों को हॉस्टल खाली करने की सलाह दी है। अब ऐसे में छात्र मोबाइल गेमिंग को ज्यादा अहमियत दे रहे हैं। पबजी जैसे गेम छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय है, मनोरंजन के लिए छात्रों के पास कई तरीके है। यहीं नहीं नौकरी से छुट्टी मिलने पर कुछ पुरुष घरों में अपनी पत्नियों के साथ काम कराने में मदद कर रहे हैं।
इस वक्त कोरोना पूरी दुनिया के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। देश में कोरोना से अब कर संक्रमित लोगों की संख्या 341 हो गई है, साथ ही 2 और मरीजों की मौत हो गई है। भारत में आज 26 और नए मामले सामने आए हैं। ऐसे में सभी लोगों से अपील रहेगी कि घर से बाहर कम निकलें और जनता कर्फ्यू का पालन करें।