पंचायत चुनाव में हुई हिंसा के बाद शनिवार की शाम करीब 7.15 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार से बात की। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान गृहमंत्री ने पूरे दिन के घटनाक्रम के बारे में जानकारी हासिल की। सुकांत मजूमदार ने उन्हें पूरे दिन के घटनाक्रम के बारे में बताया कि किस तरह से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लोगों ने राज्य में आंतक फैलाया। किस तरह से आगजनी और बमबाजी से लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की।
इससे पहले, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस ओर ध्यान आकर्षित किया। मजूमदार ने पत्र में लिखा कि बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान 15 राजनीतिक हत्याएं हुई हैं। ये इसलिए हुईं क्योंकि चुनाव एक बार में ही किया गया। पूरा तंत्र दर्शक बना रहा और सत्तारूढ़ पार्टी के गुड्डे उधम मचाते रहे। हाईकोर्ट के निर्देशों का भी सही तरह से पालना नहीं हुई। उन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए इसकी केंद्रीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक हिंसा दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, बाकुरा हुगली, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा और पूर्वी बर्धमान में हुई।