पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और हावड़ा में भड़की हिंसा के बाद आसपास के क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं इस हिंसा के बाद से राजनीति भी तेज हो गई है। बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का आज इस क्षेत्र का दौरा करने का कार्यक्रम है। लेकिन इसस पहले ही पुरबा मेदिनीपुर के कोंटाई पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने पत्र लिखकर उनसे इस क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की अपील की है। पत्र में लिखा गया है कि प्रशासन की तरफ से आपका सलाह दी जा रही है कि हावड़ा ग्रामीण पुलिस जिले का दौरा न करें, क्योंकि यहां धारा 144 सीआरपीसी प्रभावी है।
15 जून तक धारा 144 लागू
हिंसा के मद्देनजर हावड़ा के राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे स्टेशनों के हिस्सों में और उसके आसपास धारा 144 को लागू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया 15 जून तक धारा 144 लागू रहेगी। इस बीच ममता सरकार ने हिंसा के बाद हावड़ा पुलिस कमिश्नर को हटा दिया है। IPS प्रवीण त्रिपाठी हावड़ा का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, IPS स्वाति भंगिया नई हावड़ा ग्रामीण एसपी होंगी।
सुवेंदु अधिकारी ने लिखा पत्र
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने धारा 144 के बीच हावड़ा में भाजपा पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ करने के संबंध में मुख्य सचिव को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र में वहां जाने की अनुमति देने की मांग की है।
भाजपा के गुनाहों की सजा आम आदमी क्यों भुगते?: ममता
वहीं हावड़ा हिंसा पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, भाजपा के गुनाहों की सजा आम आदमी को क्यों भुगतनी पड़ रही है। उन्होंने कहा, हावड़ा हिंसा के पीछे कुछ राजनीतिक दल हैं। दंगा भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे प्रदर्शनकारी
इससे पहले पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में जुमे की नमाज के बाद शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया। जुमे की नमाज के बाद भारी संख्या में लोग बाहर निकले और नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की। इसके आलवा पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी जमकर बवाल हुआ। जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में नमाजियों ने हावड़ा में नेशनल हाइवे 116 को ब्लॉक कर आगजनी की। इस दौरान गाड़िया, ऐंबुलेंस, पुलिस वाहन, फायर टेंडर और ट्रक वगैरह ट्रैफिक में फंसे रहे।
भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई
बंगाल पुलिस ने राज्य से एक भाजपा नेता को गिरफ्तार किया है जिसपर आरोप है कि वह फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा था। बेल्दा क्षेत्र के भाजपा नेता चंदन जाना ने नुपुर शर्मा विवाद पर फेसबुक पर टिप्पणी की थी।