पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा एयरपोर्ट पर जल्द ही सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगेगी। यह सुविधा इस माह के अंत में एयरपोर्ट में महिलाओं के शौचालयों पर उपलब्ध होगी और प्रत्येक नैपकिन की लागत 5 रुपये होगी।
बागडोगरा एयरपोर्ट के निदेशक राकेश आर सहाय ने कहा कि टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता से महिला यात्रियों को आराम मिलेगा और स्वच्छ प्रथाओं को बढ़ावा मिलेगा।
सहाय ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने पहले 2017 में इंदौर एयरपोर्ट पर
सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित की थी और उसके बाद कई अन्य एयरपोर्ट में इसे स्थापित किया जा रहा है।
हाल ही में कोलकाता में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर महिला यात्रियों के लिए सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराई गई थी। बागडोगरा एयरपोर्ट पर लगभग सात हजार यात्री रोजाना यात्रा करते हैं।