आरजी कर लिफ्ट हादसे में पांच गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कोलकाता के सरकारी आरजी कर अस्पताल में लिफ्ट में फंसकर एक व्यक्ति की मौत के इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन लिफ्ट ऑपरेटर और दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को हुई जब अरुप बनर्जी नाम के व्यक्ति अपने चार साल के बेटे को लेकर अस्पताल आए थे। उसी दौरान वह एक लिफ्ट में फंस गए। बताया जा रहा है कि जिस लिफ्ट में वह गए थे, वह मेंटेनेंस में थी, उसमें कोई ऑपरेटर मौजूद नहीं था और उसे सही तरीके से बंद भी नहीं किया गया था।
यह भी पढ़ें -
West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में संघर्ष से भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर असर; कपिल सिब्बल ने जताई गंभीर चिंता
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या हुआ खुलासा?
जब काफी देर बाद उन्हें निकाला गया, तब उनकी हालत गंभीर थी। उनके नाक से खून बह रहा था। तुरंत उन्हें इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उनकी मौत गंभीर चोटों (पॉलीट्रॉमा) की वजह से हुई। उनके सीने पर दबाव पड़ा था, दिल, फेफड़े और लीवर को नुकसान हुआ था और शरीर की कई हड्डियां टूट गई थीं। ये सभी चोटें मौत से पहले की थीं।
मामले में केस दर्ज, जांच में पांच लोग गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में लापरवाही का केस दर्ज किया और जांच के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही की। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर जांच की और लिफ्ट, दीवार, गेट आदि से सबूत जुटाए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें -
CJI Surya Kant: 'कागज पर नहीं, वास्तविक अनुभवों में दिखे समानता', महिला वकीलों के सर्वेक्षण पर बोले सीजेआई
राज्य में राजनीति तेज, पहले भी विवादों में आरजी कर अस्पताल
इस हादसे के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। विपक्ष ने इसे हत्या बताते हुए राज्य सरकार और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, सत्ताधारी दल पर स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे हैं। यह अस्पताल पहले भी 2024 में एक महिला डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या केस को लेकर विवादों में रह चुका है, जिससे इसकी कार्यप्रणाली पर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।
अन्य वीडियो