पश्चिम बंगाल में कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट व बादुड़िया में गुरुवार को एक बार फिर तनाव बढ़ गया। पुलिस ने लोगों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। तनाव उस वक्त बढ़ गया जब राज्य सरकार ने कुछ संस्थानों पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाते हुए बैन करने का फैसला किया।
वहीं बशीरहाट में चल रहे तनाव के बीच शुक्रवार की सुबह सुरक्षाबलों ने सीपीआईएम के सांसद मोहम्मद सलीम को इलाके से 50 किमी दूर रोक लिया है। इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस मामले पर राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि प्रदेश में स्थिति कंट्रोल में है, केवल कुछ छोटी मोटी घटनाएं सामने आई हैं। वहीं एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि बादुड़िया जिले में सांप्रदायिक विवाद के बाद, बशीरहाट में भी हिंसा भड़की।
वहीं गुरुवार को कोलकाता में पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच भी झड़प हुई। बताया जा रहा है कि मृतकों को श्रद्धांजलि देने जा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। धारा 144 लागू होने के बाद प्रदर्शनकारी भड़क गए।