पश्चिम बंगाल में कलिम्पोंग जिले के ममखोला में एक शिविर के बह जाने से लापता पांच मजदूरों की तलाश शनिवार को भी जारी रही। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह भारी बारिश की वजह से एक नाले के उफान पर आने से सेवोके-रंगपो रेल परियोजना के निर्माण में लगे मजदूरों का शिविर बह गया था।
इसके बाद आठ मजदूर लापता हो गए थे। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि दो मजदूरों को बचा लिया गया है, जबकि एक शव मिला है। मृतक की पहचान नेपाल के धन सिंह भंडारी (35) के रूप में हुई है। इलाके में लगातार बारिश होने से बचाव कार्यों में बाधा आ रही है।
उन्होंने बताया कि सिक्किम की जीवन रेखा कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर यातायात को डायवर्ट किया गया है। पश्चिम बंगाल की तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर रांगपो और मेल्ली के बीच कई बार हुए भूस्खलन से सिक्किम सीमा पर यातायात बाधित है। ममखोला के पास एक पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई है जिससे सभी महत्वपूर्ण राजमार्ग बाधित हो गए हैं।