प्रदर्शनकारियों ने लगाई वाहनों में आग
- फोटो : एएनआई
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के कालागाछ में एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या के कथित मामले को लेकर स्थानीय निवासी सड़कों पर उतर आए। लोगों ने इस दौरान प्रदर्शन किए, सड़क पर जाम लगा दिया और पुलिस के वाहनों और सार्वजनिक बसों को आग के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रदर्शन के दौरान पुलिस के हस्तक्षेप करने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भी टकराव की स्थिति आ गई। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया। गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ियों में भी आग लगा दी।
इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री गौतम देब ने कहा, यह बहुत दुखद घटना है। हम इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहते हैं। मामले की जांच की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दी जाएगी। हम इस संबंध में पीड़िता के परिवार से कल (सोमवार को) मुलाकात करेंगे।