पश्चिम बंगाल निर्वाचन आयोग ने सोमवार को हाईकोर्ट से कहा कि वह पश्चिम बंगाल में आठ जुलाई को प्रस्तावित पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि एक दिन बढ़ाकर 16 जून कर सकता है। मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवज्ञानम और न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य की खंडपीठ ने प्रस्तावित पंचायत चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने और केंद्रीय बलों की तैनाती की तारीख बढ़ाने को लेकर विपक्षी नेताओं की जनहित याचिकाओं पर संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पर फैसला सुरक्षित रख लिया। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए उचित दिशानिर्देश जारी करेगी कि नामांकन उचित तरीके से दाखिल किए जा सकें।
रिपोर्ट और याचिकाकर्ताओं की दलीलों को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने कहा कि नामांकन उचित तरीके से दाखिल हो, यह सुनिश्चित करने के लिए जो कुछ भी किया जाना है उसके लिए हम उचित दिशानिर्देश जारी करेंगे। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि मतदाताओं का विश्वास नहीं डगमगाना चाहिए और उन्हें स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सक्षम बनाया जाना चाहिए और यह सुनिश्चित करने के लिए एसईसी के पास शक्तियां हैं।
भाजपा सांसद को पुलिस ने रोका
इससे पहले हुगली से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी को पुलिस ने पंचायत चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार द्वारा नामांकन दाखिल करने के दौरान पंडुआ में बीडीओ कार्यालय में प्रवेश करने से रोक दिया। जिससे तनाव की स्थिति बनी। भाजपा सांसद ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि की गाड़ी को रोका गया है। मैं यहां की सांसद हूं और मुझे जाने नहीं दिया जा रहा है, मैंने कहा कि मुझे लिखित में दिखाएं। कहां लिखा है कि जनप्रतिनिधि की गाड़ी यहां नहीं आ सकती?
तृणमुल नेता की गाड़ी पर भी हमला
इस बीच तृणमुल नेता सायंतिका बनर्जी की गाड़ी पर भाजपा प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। बांकुड़ा SDPO कुतुबुद्दीन खान ने बताया कि हम पूरे समय नामांकन बूथ पर थे। जिन लोगों ने यहां हंगामा किया और गाड़ी रोकी उनके खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे। कहीं किसी प्रकार की कोई हिंसा नहीं हुई है।