पश्चिम बंगाल में भाजपा की रैली में इस माह की शुरुआत में पुलिस से हाथापाई के दौरान पगड़ी खुलने पर चर्चा में आए सिख शख्स को जमानत मिल गई है। हावड़ा की एक अदालत ने भाजपा की ‘नबन्ना चलो’ रैली में गिरफ्तार किए गए बलविंदर सिंह की जमानत मंजूर कर ली है।
बता दें कि भाजपा की रैली में आग्नेयास्त्र को लेकर पुलिस के साथ हाथापाई में सिंह की पगड़ी खुल जाने पर काफी हंगामा हुआ था। पंजाब के बठिंडा के रहने वाले बलविंदर सिंह को आठ अक्तूबर को रैली से गिरफ्तार किया गया था और वह तभी से हावड़ा शहर पुलिस की हिरासत में है।
हावड़ा शहर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हावड़ा की एक अदालत ने उनकी जमानत को सशर्त मंजूरी दी है। पुलिस ने दावा किया कि एक भाजपा नेता के निजी सुरक्षा अधिकारी सिंह के खिलाफ ऐसा आग्नेयास्त्र रखने पर शस्त्र कानून और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसका लाइसेंस केवल जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में वैध है।
रैली में सिंह (43) को पुलिस कर्मचारियों द्वारा पीटे जाने संबंधी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद पैदा हो गया था। सोशल मीडिया पर लोगों के एक समूह ने दावा किया कि पुलिस ने हाथापाई के दौरान सिंह की पगड़ी कथित रूप से खींची, जिसके बाद वह खुल गई, लेकिन पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया था। सिंह को एक भरी हुई पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया था।
वहीं भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस की राज्य सरकार पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया था। राज्य सरकार का कहना था कि इस घटना को जानबूझकर साम्प्रदायिक रंग दिया जा रहा है। इससे पहले सिंह की पत्नी और बेटे कोलकाता पहुंचे थे। वे राज्यपाल जगदीप धनखड़ से राजवन में मिले थे और उनसे इस मुद्दे में हस्तपक्षेप का अनुरोध किया था।