पश्चिम बंगाल में महिलाओं और लड़कियों से दरिंदगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। कुछ दिन पहले पश्चिम बर्धमान जिले में मेडिकल छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद अब कोलकाता में एक नाबलिग के साथ दरिंदगी की वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कई महीने तक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक नाबालिग लड़की से कई बार दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, नाबालिग गर्भवती हो चुकी है। पीड़िता के परिवार ने आरोपी के खिलाफ साउथ पोर्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद रविवार देर रात उसे गिरफ्तार किया गया।
'आरोपी और नाबालिग की एक-दूसरे से थी पहचान'
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और लड़की के बीच कुछ समय से जान-पहचान थी। अधिकारी ने बताया, 'आरोपी ने कई बार नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण किया। मामला दर्ज होने के बाद हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है।'
विज्ञापन
पुलिस ने पॉक्सो समेत कई धाराओं में दर्ज किया केस
पुलिस ने इस मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि घटना कैसे हुई और इसमें और कौन शामिल हो सकता है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
कुछ दिन पहले दुर्गापुर में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म
बता दें कि, पिछले पांच दिनों में राज्य में दुष्कर्म की ये दूसरी वारदात सामने आई है। इससे पहले 11 अक्तूबर को पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा के साथ कुछ लोगों सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें से एक आरोपी उसी निजी मेडिकल कॉलेज का पुराना सुरक्षा गार्ड है जहां छात्रा पढ़ाई कर रही है, वहीं अन्य आरोपियों में एक आरोपी स्थानीय नगर निगम में अस्थायी कर्मचारी है।