केंद्रीय गृहमंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद आखिर पश्चिम बंगाल सरकार ने विदेशी जमातियों से पूछताछ की इजाजत दे दी। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कोलकाता में गुरुवार शाम तक 105 विदेशी जमातियों से पूछताछ की। उन्होंने माना कि वे निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे।
विदेशी जमातियों पर टूरिस्ट वीजा के द्वारा भारत आकर धर्म प्रचार करने और कोरोना संक्रमण फैलाने का आरोप है। कोरोना महामारी के दौर में करीब 960 विदेशी जमाती दिल्ली में रह गए थे, बाकी कई राज्यों में चले गए थे। पश्चिम बंगाल को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में विदेशी जमातियों पर कार्रवाई हुई थी।
गृहमंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को बंगाल में रुके 109 विदेशियों पर कार्रवाई करने को कहा था, लेकिन तब लॉकडाउन का बहाना बनाकर एक भी जमाती पुलिस के बुलावे पर जांच में शामिल नहीं हुआ था। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने टूरिस्ट वीजा पर भारत आकर जमात में शामिल होने वाले 2,500 से ज्यादा विदेशियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।