पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले चल रहे एसआईआर के तहत पूर्व महिला क्रिकेट कप्तान झूलन गोस्वामी को तलब किया गया। उनके पिता के नाम में दस्तावेजों में अंतर पाया गया था।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जारी है। इस प्रक्रिया में नागरिकों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि सूची में किसी भी तरह की त्रुटि या विसंगति को दूर किया जा सके। हाल ही में इसे लेकर विवादास्पद मामले भी सामने आए हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी को एसआईआर प्रक्रिया के तहत सुनवाई के लिए तलब किया गया है। उनके साथ उनके दो भाई-बहन को भी बुलाया गया, क्योंकि उनके पिता के नाम में दस्तावेजों में अंतर पाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दस्तावेजों में उनके पिता का नाम निशिथ रंजन गोस्वामी और कुछ में निशिथ गोस्वामी लिखा है। जांच अधिकारी ने बताया कि सुनवाई 27 जनवरी को तय की गई थी। झूलन गोस्वामी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं थी और उन्होंने यह मामला अपने घर से ही निपटा लिया। जबकि उनके दोनों भाई-बहन हियरिंग में स्थानीय स्कूल में शामिल हुए।
इतना ही नहीं मामले में टीएमसी ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में झूलन गोस्वामी को भारत की शान के रूप में सराहा था। पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इसी शख्स को अब उनके पिता के नाम में मामूली अंतर के कारण यह साबित करने के लिए तलब किया जा रहा है कि क्या वे भारतीय हैं।