फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Bengal: भाजपा उम्मीदवार के घर के बाहर फायरिंग, CISF जवान घायल; टीएमसी समर्थकों पर बम फेंकने का आरोप

Mon, 27 Apr 2026 10:59 AM IST
Nitin Gautam पीटीआई, कोलकाता

सार

पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार के घर के बाहर बम फेंके जाने और गोलीबारी की घटना हुई है। इस घटना में भाजपा उम्मीदवार के घर के बाहर तैनात सीआईएसएफ जवान घायल हुआ है। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ा हुआ है। 
विज्ञापन
सीआईएसएफ (CISF) - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा की आशंका को देखते हुए चुनाव आयोग ने दो लाख से ज्यादा केंद्रीय बलों की राज्य में तैनाती की है। हालांकि इसके बावजूद असामाजिक तत्व बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले की भाटपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव है और भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ता आमने-सामने हैं। 
विज्ञापन


घटना के बाद से इलाके में तनाव
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना रविवार रात हुई। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन बाद ही बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। घायल जवान की पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जो भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात थे। पवन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के बेटे हैं। पुलिस ने बताया कि योगेश शर्मा के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चुनाव आयोग ने घटना पर मांगी रिपोर्ट
चुनाव आयोग ने घटना की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर पार्टी के झंडे और बैनर लगाने के दौरान कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद जगद्दल इलाके में तनाव फैल गया। कई टीएमसी नेता शिकायत दर्ज कराने स्थानीय थाने पहुंचे। इसके तुरंत बाद दोनों पक्षों के समर्थक वहां जमा हो गए, जिससे कहासुनी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। थाने के बाहर पथराव की भी खबर है, हालांकि बाद में स्थिति पर काबू पा लिया गया।
विज्ञापन


टीएमसी कार्यकर्ताओं पर बम फेंकने का आरोप
इसके बाद पवन सिंह के आवास के पास फिर तनाव बढ़ गया, जहां देसी बम फेंके जाने और कम से कम एक राउंड फायरिंग होने का दावा किया गया। एक स्थानीय टीएमसी नेता ने आरोप लगाया, 'हमारे कार्यकर्ता पर हमला हुआ। जब हम शिकायत दर्ज कराने गए, तब हम पर भी हमला किया गया। हमें लगा कि थाना सबसे सुरक्षित जगह होगी, लेकिन हमारी यह धारणा भी टूट गई।'

वहीं भाजपा ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसके समर्थकों को निशाना बनाया गया। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थित असामाजिक तत्वों की फायरिंग में सीआईएसएफ जवान घायल हुआ। हालांकि टीएमसी ने इस आरोप को खारिज करते हुए पलटवार किया कि हिंसा के लिए भाजपा जिम्मेदार है। फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें