जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (21 मार्च) को पश्चिम बंगाल के बांगुरा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बांकुरा की सालतोरा सीट से भाजपा उम्मीदवार चंदना बाउरी का नाम लिया और ममता बनर्जी को चुनौती दी। पीएम मोदी ने कहा कि चंदना बाउरी बंगाल की महिलाओं की आंकाक्षा की तस्वीर हैं।
बता दें कि भाजपा ने बांकुरा जिले की सालतोरा विधानसभा सीट से चंदना बाउरी को उम्मीदवार बनाया है। चंदना बेहद की गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वहीं, एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, चंदना बाउरी पश्चिम बंगाल के सबसे गरीब उम्मीदवारों में से एक हैं।
जानकारी के मुताबिक, चंदना बाउरी के पास प्रचार के लिए न तो पैसे हैं और न ही कोई गाड़ी। इसके अलावा उनके साथ समर्थकों का हुजूम भी नहीं है। माना जा रहा है कि भाजपा ने उन्हें टिकट देकर इलाके के महिला वोटों को अपने पाले में खींचने की कोशिश की है।
बता दें कि चंदना अपने क्षेत्र में लोगों के बीच जा रही हैं और भाजपा की खूबियां गिनाते हुए टीएमसी पर हमला बोल रही हैं। वह गंगाजलघाटी के केलाई गांव स्थित अपने घर से रोजाना सुबह आठ बजे चुनाव प्रचार के लिए निकलती हैं। वह लोगों से महिला संबंधी अपराधों, गरीबी, शिक्षा और पीने के पानी जैसे मुद्दों पर वोट मांग रही हैं।
बताया जा रहा है कि चंदना बाउरी के पति सरबन मजदूरी करते हैं। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। पति और पत्नी दोनों मनरेगा में पंजीकृत मजदूर हैं। उनके तीन बच्चे भी हैं। चंदना पिछले सात-आठ साल से भाजपा से जुड़ी हुई हैं। टीएमसी ने चंदना के खिलाफ संतोष मंडल को चुनावी मैदान में उतारा है।
जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग में दिए गए शपथ पत्र में चंदना के बैंक खाते में सिर्फ 6335 रुपये हैं। संपत्ति के नाम पर चंदना के पास तीन गाय, तीन बकरी, एक झोपड़ी और बैंक में जमा नकद मिलाकर कुल 31,985 रुपये हैं। चंदना के घर में शौचालय भी नहीं है। पार्टी के प्रति वह इतनी ज्यादा समर्पित हैं कि प्रचार के लिए रोजाना कमल के प्रिंट वाली भगवा रंग की साड़ी पहनकर निकलती हैं।
बता दें कि चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में आठ चरण में चुनाव कराने का एलान किया है। पहले चरण का चुनाव 27 मार्च को होगा, जबकि अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। दो मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।