पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
- फोटो : PTI
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये प्रदेश में मात्र पांच रुपये में भरपेट भोजन खिलाने की योजना शुरू की। इस योजना का नाम ‘मां’ रखा गया है।
इस योजना के तहत गरीब लोगों को पांच रुपये की थाली में दाल, चावल, एक सब्जी और अंडा करी परोसा जाएगा। इन रसोई घरों का संचालन स्व-सहायता समूह करेंगे और ये हर दिन दोपहर एक बजे से तीन बजे तक खुलेंगे। इस योजना का विस्तार धीरे-धीरे पश्चिम बंगाल के अन्य शहरों में भी किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस योजना के लिए पहले से ही बजट में प्रावधान कर दिया है।
वहीं, ममता बनर्जी ने सोमवार को एलपीजी के दाम में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी एलपीजी और डीजल के दाम में बेतहाशा वृद्धि करती है और जैसे ही चुनाव नजदीक आते हैं वह इसे कम करना शुरू कर देती है। ममता ने कहा कि महंगाई के मार से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार हमेशा राजनीति करती है। ममता बनर्जी ने कहा कि सरकार गरीबों पर ध्यान दे और उनके लिए पर्याप्त सुविधाएं भी दें।
दिशा रवि की गिरफ्तारी पर भी ममता ने उठाए सवाल
ममता बनर्जी ने 22 वर्षीय जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी की सोमवार को निंदा की और कहा कि भाजपा सरकार को सबसे पहले अपने आईटी प्रकोष्ठ के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जिसके बारे में मुख्यमंत्री ने झूठ फैलाने का आरोप लगाया।
बनर्जी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकारी नीतियों का विरोध करने वाले किसी को भी गिरफ्तार करना स्वीकार्य नहीं है। भाजपा को सबसे पहले अपने आईटी प्रकोष्ठ के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो झूठी सूचनाएं फैलाते हैं। दो तरह के नियम क्यों?
बनर्जी ने आरोप लगाए कि भगवा दल के आईटी प्रकोष्ठ के सदस्य टीएमसी का सदस्य होने का ढोंगकर लोगों को फोन कर रहे हैं और उनकी पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कोलकाता पुलिस से इस पर गौर करने के लिए कहा है।