पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने डेंगू के बढ़ते प्रकोप के मुद्दे पर फेसबुक पर पोस्ट लिखने वाले एक सरकारी डॉक्टर को निलंबित कर दिया है।
उत्तर 24 परगना जिले के बारासत स्थित सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर अरुणाचल दत्त ने अपने एक पोस्ट में जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार डेंगू की महामारी से संबंधित तथ्यों को छिपाने में जुटी है।
पढे़ं- डेंगू के कहर पर सीएम ममता बोलीं- आतंक फैलाने का हो रहा प्रयास
स्वास्थ्य विभाग ने उनके इस पोस्ट का संज्ञान लेते हुए उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया है। ध्यान रहे कि कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न जिलों में डेंगू एक महामारी का रूप ले चुका है। राज्य में अब तक इस बीमारी से 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जिनके जिम्मे स्वास्थ्य मंत्रालय भी है, ने कहा है कि इससे आतंकित होने की जरूरत नहीं है।