भारी बारिश और भूस्खलन प्रभावितों का हाल जानते राजू बिष्ट
- फोटो : अमर उजाला
बाढ़ को “राज्य स्तरीय आपदा” घोषित करें सीएमः राजू
सांसद ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों में हालिया भूस्खलन तथा तराई और डूअर्स में बाढ़ को राज्य स्तरीय आपदा घोषित करने की मांग की है। राजू ने कहा कि 4 और 5 अक्टूबर की रात हुई भारी वर्षा से दार्जिलिंग की पहाड़ियों, तराई और डूअर्स क्षेत्रों में व्यापक क्षति और तबाही हुई है। उन्होंने पत्र में मानव जीवन की हानि, सड़क और पुल जैसी अवसंरचना को नुकसान, कृषि भूमि, आवास और जीविकोपार्जन का विनाश उजागर किया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि केंद्र सरकार को प्रभावित क्षेत्रों के भारी नुकसान की जानकारी दी जाए, ताकि प्रभावित इलाकों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें। सांसद ने पश्चिम बंगाल सरकार पर 2023 में हुई तीस्ता बाढ़ को आपदा घोषित न करने की चिंता भी व्यक्त की, जिससे पीड़ितों को उचित मुआवजा और सहायता नहीं मिल सकी। उन्होंने सभी पीड़ितों के लिए आर्थिक मुआवजे की आवश्यकता और केंद्र सरकार के साथ सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। राजू ने कहा कि वे आशान्वित हैं कि मुख्यमंत्री आवश्यक राहत और सहायता प्रदान करेंगी, प्रभावितों की पुनर्वास प्रक्रिया और बुनियादी ढांचे की शीघ्र पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय करेंगी।