एसआरफटीआई में शनिवार को प्रशासनिक भवन के सामने बने एक अस्थायी मंच को हटाए जाने को लेकर नया तनाव पैदा हो गया। यह मंच उन छात्रों के एक समूह ने बनाया था, जो सितंबर में कैंपस में हुए एक कार्यक्रम के दौरान खुद पर हुए कथित हमलों का विरोध कर रहे थे।
अधिकारियों ने क्या बताया?
अधिकारियों ने बताया कि सुबह सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरफटीआई ) में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षाकर्मियों ने मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर लोहे की बैरिकेडिंग लगा दी। उन्होंने बताया कि जब इस अस्थायी ढांचे को हटाया जा रहा था, तब प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रदर्शनकारियों का क्या है कहना?
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि यह अस्थायी मंच 27 सितंबर को हुए कथित हमलों के बाद प्रशासनिक भवन के सामने बनाया गया था। ये हमले कैंपस में एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों और आरएसएस से जुड़े एक संगठन के सदस्यों के बीच हुई झड़प के बाद हुए थे। एसआरफटीआई ने 19 नवंबर को एक नोटिस जारी कर प्रदर्शनकारी छात्रों को यह अस्थायी ढांचा हटाने का निर्देश दिया था।
बयान में क्या बताया?
शनिवार सुबह जारी एक बयान में, इस प्रमुख संस्थान ने कहा कि अदालत के हस्तक्षेप और कोलकाता पुलिस की मदद से इस अवैध ढांचे को हटा दिया गया है। संस्थान ने कहा, 'इससे पहले, प्रशासन ने छात्रों को इसे हटाने के लिए कई बार मौखिक और लिखित रूप में याद दिलाया था। साथ ही, इस अवैध ढांचे और कैंपस में हो रही अनधिकृत व अवैध गतिविधियों के खिलाफ औपचारिक नोटिस भी जारी किए गए थे।'
छात्रों ने क्या आरोप लगाया?
प्रदर्शनकारी छात्रों में से एक ने आरोप लगाया कि उन्हें कैंपस में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है, क्योंकि प्रवेश द्वार बंद है और पुलिस ने उसके सामने बैरिकेड लगा दिए हैं। 4 अक्तूबर को छात्रों पर हुए एक और कथित हमले के बाद उनका आंदोलन और तेज हो गया। इस दौरान उन्होंने कुलपति (वाइस-चांसलर) संतोष अजमेरा के इस्तीफे की मांग भी की।
अक्तूबर के मध्य में, एसआरफटीआई ने छह छात्रों को निष्कासित (रस्टिकेट) कर दिया था। उन पर कुलपति के साथ मारपीट करने और उनके कार्यालय में तोड़फोड़ करने का आरोप था। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है। इसके बाद संस्थान ने शैक्षणिक गतिविधियों को निलंबित कर दिया और छात्रों से कैंपस खाली करने को कहा। बाद में, कैंपस बंद रहने की इस अवधि को 11 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया था।