पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अगले साल 19 जनवरी को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली भाजपा विरोधी रैली के लिए समर्थन जुटाने के लिए नवंबर से दो महीने तक देशव्यापी दौरा करेंगी। तृणमूल कांग्रेस सूत्रों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
इस दौरान वह दिल्ली के अलावा विभिन्न राज्यों में जाकर भाजपा विरोधी नेताओं से मुलाकात करेंगी। बता दें कि शनिवार की अपनी शहीद रैली के दौरान ममता ने उक्त भाजपा विरोधी रैली का एलान किया था।
सूत्रों ने बताया कि ममता दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात कर उन्हें भी रैली में आने का न्योता देंगी। उनके अलावा वह राजद नेता लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव, समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह और अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव से मुलाकात कर उन्हें भी रैली में बुलाएंगी।
इस दौरे में ममता के भतीजे और पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी भी उनके साथ होंगे। परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि ममता ने त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद पार्टी के नेताओं को 19 जनवरी की रैली की तैयारियों में जुट जाने का निर्देश दिया है।