पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 17 अप्रैल को होने वाले पांचवें चरण के मतदान से पहले आज यानी बुधवार को कूचबिहार के सीतलकुची में माथाभांगा का दौरा किया। इस दौरान ममता बनर्जी ने यहां सीआईएसएफ की गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिवारों से मुलाकात की।ममता बनर्जी ने वादा किया कि हम हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करेंगे। साथ ही ममता ने शहीद बेदी बनाने का वादा किया।
ममता बनर्जी अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 10 बजे माथा भंगा पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। माथाभंगा अस्पताल के सामने स्थित मैदान में ममता बनर्जी का चॉपर उतरा। इसके बाद ममता ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। ममता बनर्जी से मुलाकात करने के लिए चारों मृतक युवक के परिवार वाले सुबह ही माथाभंगा पहुंचे। पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि यहां मेरी कोई रैली नहीं थी, लेकिन परिवार से मिलने आई हूं। एक मृतक की पत्नी गर्भवती है, जबकि दूसरे मृतक के छोटे बच्चे हैं, हम सबको न्याय दिलाएंगे। आज मेरे 6 कार्यक्रम हैं, मेरे पास समय नहीं है, लेकिन फिर भी मैं आईं, चुनाव आयोग ने 72 घंटे का प्रतिबंध लगाया था, वरना अपने भाई-बहनों का दर्द में शामिल होने बहुत पहले ही आ जाती।
ममता ने कहा- मैं वहीं करूंगी, जो करना चाहती हूं
सीएम ममता ने कहा कि सरकार सीतलकुची पीड़ित परिवार सहित राजनीतिक हिंसा के सभी पीड़ितों के साथ है, हम आनंद बर्मन के हत्यारों को पकड़ेंगे। राजबंशी और मुसलमान सब यही हैं, हम चुनाव के बाद मारे गए 5 लोगों की याद में शहीद बेदी बनवाएंगे। उन्होंने चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए कहा,''हो सकता है कि चुनाव आयोग मुझे एक और नोटिस दे, लेकिन मैं वहीं करूंगी, जो करना चाहती हूं।''
आनंद बर्मन के परिवार ने मिलने से किया इनकार
कूचबिहार में 126 नंबर बूथ पर जिस 18 साल के युवक की हत्या हुई थी, उसका नाम आनंद बर्मन है। आनंद के परिजनों ने पहले सीएम ममता बनर्जी से मिलने से इनकार कर दिया था और कहा था कि पहले टीएमसी के गुंडों को गिरफ्तार किया जाए। हालांकि, बाद में आनंद बर्मन के नाना खितिज राय ममता बनर्जी से मिलने पहुंचे गए।
बता दें कि कूचबिहार के सीतलकुची में 10 अप्रैल को चौथे चरण के मतदान के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई थी। मतदान के दौरान पहली बार वोट डालने गए 18 साल के एक लड़के की हत्या कर दी थी, जबकि एक अलग घटना में केंद्रीय बलों द्वारा उसी दिन आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई थी।
कूचबिहार में हुई हिंसा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और टीएमसी ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने केंद्रीय सुरक्षाबलों के जवानों के बहाने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घेरा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा, "यह खुले तौर पर कहा जा रहा है कि टीएमसी कार्यकर्ता केंद्रीय बलों को घेरेंगे और दीदी के समर्थक बूथ छापेंगे। पिछले 10 वर्षों में ममता बनर्जी ने छप्पा वोट (धांधली) के सहारे अनुसूचित जातियों, गरीबों और वंचितों से उनका वोटिंग का अधिकार छीन लिया। कूचबिहार में जो हुआ वह इस मास्टर प्लान का परिणाम था।