पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' के खिलाफ कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि विपक्ष के संपर्क में रहने वाले तृणमूल नेता पार्टी छोड़ने के लिए स्वतंत्र हैं। हालांकि मुख्यमंत्री ने कोई नाम नहीं लिया, लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक उनका इशारा हाल ही में मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले असंतुष्ट नेता शुभेंदु अधिकारी और पार्टी के खिलाफ बोलने वाले कुछ अन्य विधायकों की ओर था।
तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि दिन में हुई पार्टी की बैठक में बनर्जी ने कहा कि अगर एक नेता पार्टी से बाहर हो जाता है तो वह ऐसे लाख और नेता बना सकती हैं। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के पिता और पुरबा मेदिनीपुर के पार्टी प्रमुख व कांथी से सांसद शिशिर अधिकारी से भी बात की और उनसे पार्टी विरोधी गतिविधियों पर लगाम लगाने और जिला इकाई से विरोध खत्म करने को कहा।
टीएमसी नेता ने कहा, 'शिशिर दा ने कहा कि वह इस पर गौर करेंगे।' ममता बनर्जी ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ उत्तर भारत में चल रहे किसानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया और तृणमूल कांग्रेस की किसान शाखा से कहा कि वह आठ दिसंबर से मध्य कोलकाता में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।