ममता की यह नई चाल: भाजपा
दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी भाजपा ने ममता की दलीलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि वह शिक्षक भर्ती घोटाले में शामिल हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि यह उनकी पार्टी के नेताओं को उन लोगों के प्रकोप से बचाने के लिए उनकी नई चाल है, जिनकी सेवाएं उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद समाप्त की जा रही हैं। इन बर्खास्त उम्मीदवारों ने तृणमूल के नेताओं को मोटी रकम देकर नौकरी हासिल की। मुख्यमंत्री को डर है कि ये उम्मीदवार तृणमूल के नेताओं को पैसे वापस करने की मांग करेंगे।
सीएम ध्यान हटाने के लिए ले रही हैं भावुकता का सहारा: माकपा
कलकत्ता उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और माकपा के राज्यसभा सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य ने भी मुख्यमंत्री की दलीलों को निराधार बताते हुए कहा कि अवैध रूप से नौकरी पाने वालों की भी उतनी ही गलती है, जितनी व्यवस्था के भीतर उन लोगों की जिन्होंने इस अनियमितता को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कानूनी मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के भावनात्मक प्रकोप का सहारा ले रही हैं।