पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मुख्यमंत्री और टीएमसी नेता ममता बनर्जी ने बुधवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं 2024 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को पूरे देश में हारते हुए देखना चाहती हूं। एक बार फिर खेला होबे।
कोलकाता के फूलबगान इलाके में 19 दिसंबर को होने वाले कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के बाद उनका एकमात्र उद्देश्य उद्योग लाना और रोजगार पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान हमने देखा था कि भाजपा ने राज्य में कैसा प्रचार अभियान चलाया था। इससे सभी डरते थे, लेकिन राज्य की जनता ने उन्हें हरा दिया। बंगाल ने आज जो सोचा, कल भारत सोचेगा। हम 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराएंगे। उसका वैसा ही हश्र होगा जैसा पिछले विधानसभा चुनाव में हुआ था।
ममता बनर्जी ने अपने तीसरे कार्यकाल के लिए उनकी सरकार के दृष्टिकोण को साझा करते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य राज्य में उद्योग लाना और रोजगार पैदा करना है। टीएमसी नेता ने केएमसी चुनावों में पार्टी के उम्मीदवारों से लोगों के लिए काम करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि नगर संबंधित उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
अधीर रंजन ने ममता और भाजपा को घेरा
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सीधे तौर पर पीएम मोदी की दलाली कर रही हैं। वह विपक्ष को कमजोर करने के लिए सब कुछ कर रही हैं, क्योंकि अपने भतीजे की रक्षा के लिए मोदी जी को खुश करना उनके लिए जरूरी है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और गृह राज्य मंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सारा देश जानता है और देख भी रहा है कि इस सरकार के गृह राज्य मंत्री ने जिस तरह से किसानों के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया, जिसके कारण किसानों की हत्या की गई। अपनी गाड़ी के नीचे कुचलने का दृश्य जो हमने देखा उसने हम सबके रौंगटे खड़े कर दिए थे।
भाजपा से निष्कासित नेता सुरजीत साहा तृणमूल कांग्रेस शामिल हो सकते हैं
भाजपा से निष्कासित नेता सुरजीत साहा ने बुधवार को कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बारे में सोच रहे हैं। हावड़ा सदर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुरजीत साहा को विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ बोलने के लिए संगठनात्मक अनुशासन भंग करने के आरोप में लगभग एक महीने पहले भाजपा पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
संवाददाताओं से बात करते हुए साहा ने कहा कि हां मैं सक्रिय रूप से तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर रहा हूं। भाजपा में वफादार दिग्गजों के लिए कोई जगह नहीं है। यह सुवेंदु अधिकारी की एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन गई है।
पश्चिम बंगाल के मंत्री और हावड़ा के केंद्रीय विधायक अरूप रॉय ने कहा कि साहा ने टीएमसी में शामिल होने की इच्छा से हमसे संपर्क किया है। हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने सहमति व्यक्त की है।