केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो के नेतृत्व में बीजेपी डेलीगेशन ने पश्चिम बंगाल के गवर्नर केसरीनाथ त्रिपाठी से मुलाकात की है। यह मुलाकात पंचायत पोल के दौरान हुई हिंसा के मसले पर की गई है। डेलीगेशन ने कोयला और मवेशी की तस्करी के मामले में भी गवर्नर को सूचना दी।
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के लिए नए सिरे से नामांकन दाखिल करने के मुद्दे पर बीरभूम जिले के सिउड़ी में भड़की हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। बाद में बीजेपी ने ममता बनर्जी को लोकतंत्र का हत्यारा बताते हुए दावा किया था कि टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा की गई हिंसा में 5 बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौत हुई है, साथ ही 100 से ज्यादा घायल हुए हैं।
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस व भाजपा दोनों ने दावा किया था कि मृतक उनका कार्यकर्ता था। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक जारी रही थी । कलकत्ता हाईकोर्ट ने राज्य चुनाव आयोग को नामांकन दाखिल करने की समय सीमा बढ़ाने का निर्देश दिया था।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग ने 23 अप्रैल को नामांकन के लिए नई अधिसूचना जारी की थी। पुलिस ने यहां बताया था कि बीरभूम जिले में भाजपा व तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच हिंसक झड़प के दौरान दोनों ओर से बम फेंके गए।
इस हिंसा में शेख सरदार नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। तृणमूल नेता फिरहाद हकीम ने दावा किया था कि सरदार उनकी पार्टी का कार्यकर्ता था। लेकिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने उसे अपना कार्यकर्ता बताया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी ने आरोप लगाया था कि तृणमूल के लोगों ने पार्टी के कई समर्थकों पर हमले किए।