पीएम मोदी ने कहा, ''मैं ब्रिगेड ग्राउंड से आपको इस आशोल पोरिबोरतोन का विश्वास दिलाने आया हूं। विश्वास, बंगाल के विकास का। विश्वास, बंगाल में स्थितियों के बदलने का। विश्वास, बंगाल में निवेश बढ़ने का। विश्वास, बंगाल के पुनर्निर्माण का। विश्वास, बंगाल की संस्कृति की रक्षा का।''
पीएम बोले, पल-पल आपके सपनों के लिए जिऊंगा
मोदी ने कहा, मैं विश्वास दिलाने आया हूं कि आपके लिए, यहां के नौजवानों के लिए, किसानों, उद्यमियों, यहां की बहनों-बेटियों के विकास के लिए हम 24 घंटे दिन रात मेहनत से काम करेंगे। हम मेहनत करने में कोई कमी नहीं रखेंगे। पीएम ने कहा कि हम पल-पल आपके लिए जिएंगे। हम पल-पल आपके सपनों के लिए जिएंगे। ये विश्वास दिलाने मैं आया हूं।''
हम हर पल आपका दिल जीतते रहेंगे : पीएम
कोलकाता में पीएम मोदी ने कहा, ''हम सिर्फ चुनाव में नहीं, हम हर पल आपका दिल जीतते रहेंगे। अपने काम के द्वारा सेवा के द्वारा, समर्पण के द्वारा, परिश्रम के द्वारा। उत्तर बंगाल हो या दक्षिण बंगाल, पश्चिमांचल हो या जंगलमहल। उन्होंने कहा कि आदिवासी हो या दलित, पिछड़े, शोषित, वंचित या हमारे शरणार्थी भाई बहन, सभी पर बराबर ध्यान दिया जाएगा। जहां सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास शासन का मंत्र होगा। जहां उन्नयन सबका होगा, तुष्टिकरण किसी का नहीं। जहां घुसपैठ और घुसपैठियों को रोका जाएगा।''
पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने एक ही भतीजे की बुआ होने के मोह को क्यों चुना? बंगाल के लाखों भतीजे-भतीजियों की आशाओं के बजाय आप अपने भतीजे का लालच पूरा करने में क्यों लग गईं? आप भी भाई-भतीजावाद के उन कांग्रेसी संस्कारों को छोड़ नहीं पाईं, जिनके खिलाफ आपने बगावत की थी।
पीएम बोले, आपकी स्कूटी नंदीग्राम में ही गिरेगी
मोदी ने कहा कि दीदी, आप बंगाल की ही नहीं आप तो भारत की बेटी हैं। कुछ दिन पहले जब आपने स्कूटी संभाली, तो सभी प्रार्थना कर रहे थे कि आप सकुशल रहें। अच्छा हुआ आप गिरी नहीं, नहीं तो जिस राज्य में वो स्कूटी बनी है, उस राज्य को ही अपना दुश्मन बना लेतीं। आपकी स्कूटी नंदीग्राम में ही गिरेगी।
पीएम बोले, मैं अपने गरीब दोस्तों के लिए करता रहूंगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। पीएम ने कहा कि आज कल तो हमारे विरोधी भी कहते हैं कि मैं दोस्तों के लिए काम करता हूं। हम सभी जानते हैं कि बचपन में हम जहां पले-बढ़े होते हैं, बचपन में जहां खेले-कूदे होते हैं, जिनके साथ पढ़े होते हैं, वो हमारे जीवन भर के पक्के दोस्त होते हैं। मैं भी गरीबी में पला-बढ़ा और इसलिए उनका दुख-दर्द क्या है, चाहे वो हिंदुस्तान के किसी भी कोने में क्यों न हो क्योंकि वो हमारे दोस्त हैं, उनको मैं भली-भांति अनुभव का सकता हूं।इसलिए मैं दोस्तों के लिए काम करता हूं और मैं दोस्तों के लिए ही काम करता रहूंगा।
पीएम ने कहा, ''मेरे आप सभी दोस्त बताइए, दोस्ती चलेगी या तोलाबाजी? बहनों और भाइयों, आपके इसी जोश से दीदी और उनके साथियों की नींद उड़ी हुई है। तभी तो ये लोग कह रहे हैं कि इस बार - खेला होबे। आपने लोगो की मेहनत की कमाई से, लोगों की जिंदगियों से खेला है। आपने चाय बागानों को ताला लगा दिया, राज्य को कर्ज में डुबो दिया। आपने युवाओं से उनके हक की नौकरी, उनका वेतन तक छीन लिया। अब ये नहीं चलेगा, अब ये खेल नहीं चलेगा।''