पश्चिम बंगाल में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूचबिहार में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में भाजपा की लहर जारी है। दो साल पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने यहां रैली में अड़ंगा लगाया था, लेकिन अब कहीं टीएमसी नजर नहीं आ रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार के अभाव से कितनी परेशानी हो रही है, ये कूच बिहार से बेहतर कौन समझ सकता है। यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, लेकिन दीदी को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। दीदी तो केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं पर भी ब्रेक लगा देती हैं।हमारी बहनों का बहुत बड़ा समय पानी के इंतजाम में लग जाता है, गंदे पानी से बच्चे बीमार होते हैं।
लेकिन दीदी ने क्या किया?केंद्र सरकार ने हर घर पाइप से जल पहुंचाने की एक बहुत बड़ी योजना पूरे देश में शुरु की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी तक देशभर में 4 करोड़ से ज्यादा परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।लेकिन पश्चिम बंगाल में नल से पानी पहुंचाने के लिए जो करोड़ों रुपये भेजे थे, वो भी दीदी तिजोरी में रखकर बैठ गईं। नारायणी सेना बटालियन को लेकर जो भ्रम टीएमसी फैला रही है, वो भी 2 मई के बाद दूर हो जाएगा। कुछ ही दिनों की बात है, अब तुष्टिकरण और भेदभाव नहीं, आपको सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास मिलेगा।