हुगली के देवबंदपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मैं एक पैर से ही बंगाल जीत लूंगी और दोनों पैरों से दिल्ली भी जीतूंगी। ममता बनर्जी ने आठ चरण में चुनाव कराने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आठ चरण में विधानसभा चुनाव कराने की क्या जरूरत थी? यह सब भाजपा मंडल का किया-धरा है। इस वक्त कोरोना काल चल रहा है। ऐसे में क्या चुनाव को जल्द से जल्द नहीं निपटाना चाहिए था?
ममता बनर्जी ने अपने भाषण के दौरान भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा स्थानीय प्रत्याशी नहीं ढूंढ सकी। उनके पास एक भी स्थानीय प्रत्याशी नहीं है। उनके सभी लोग तृणमूल कांग्रेस या माकपा से तोड़े गए नेता हैं। वे पैसा पानी की तरह बहा रहे हैं। जो लोग सही तरीके से सोनार बांग्ला नहीं बोल पाते हैं, वे बंगाल पर राज नहीं कर सकते।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर आठ चरण में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को हुआ, जबकि दूसरे चरण के तहत वोटिंग 1 अप्रैल को हुई। अब छह अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान होगा। वहीं, अंतिम चरण के वोट 29 अप्रैल को डाले जाएंगे और 2 मई को वोटों की गिनती के बाद नतीजों का एलान किया जाएगा।