फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावी हलचल: स्टालिन बोले- जयललिता की मौत के लिए अगर हम जिम्मेदार तो मामला दर्ज करे सरकार

Mon, 15 Mar 2021 11:16 PM IST
कुमार संभव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

 पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी सरगर्मियां काफी तेज हो चुकी हैं। इसी कड़ी में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी व्हीलचेयर पर बैठकर पुरुलिया में रैली की तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी असम में जनसभाओं को संबोधित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोमवार को बांकुरा में रैली को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने असम के गुवाहाटी में रैली को संबोधित किया। पांच राज्यों के चुनाव संबंधित पल-पल के अपडेट के लिए बने रहिए अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
डीएमके प्रमुख स्टालिन - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:39 PM, 15-Mar-2021

जयललिता मामले पर स्टालिन ने तोड़ी चुप्पी

तमिलनाडु की पार्टी डीएमके के प्रमुख स्टालिन ने कहा कि सीएम पलानीस्वामी लोगों से झूठ बोल रहे हैं। वे कहते हैं कि जयललिता की मौत के लिए करुणानिधि और एमके स्टालिन जिम्मेदार हैं। अगर आप (सीएम) दावा करते हैं कि हम उनकी मौत के जिम्मेदार हैं, तो मेरे खिलाफ मामला दर्ज करें और मैं कानूनी रूप से इसका सामना करूंगा। 

07:28 PM, 15-Mar-2021

असम में एक राष्ट्रवादी सरकार की जरूरतः शाह 

गुवाहाटी में गृहमंत्री शाह ने कहा कि असम में एक राष्ट्रवादी सरकार होनी चाहिए जो सिर्फ असम के लिए नहीं बल्कि पूरे उत्तर पूर्व के लिए काम करे। हमारा उद्देश्य समृद्ध असम और एक संस्कृति को स्थापित करना है जो पूर्वोत्तर भारत के क्षेत्रीय समुदायों को जोड़ता है। 

07:18 PM, 15-Mar-2021

घुसपैठ तक नहीं रोक पाने वाले अस्मिता की बात करते हैंः शाह

असम के गुवाहाटी में शाह ने कहा कि 20-25 सालों से हम मानते ही नहीं थे कि आंदोलन, हिंसा, घुसपैठ और आतंकवाद के बगैर असम हो सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठ तक नहीं रोक पाने वाले असम की अस्मिता को क्या खाक बचाएंगे। आपकी गोदी में अजमल बैठा है और असम के अस्मिता की बात करते शर्म नहीं आती।

विज्ञापन
07:12 PM, 15-Mar-2021

कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता समझ से परेः शाह

असम के गुवाहाटी में शाह ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ धर्मनिरपेक्षता की बात करती है और दूसरी तरफ यहां बदरुद्दीन अजमल के साथ है। केरल में मुस्लिम लीग के साथ बैठी है। मेरी तो समझ में नहीं आता कि ये कैसी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। इनके धर्मनिरपेक्षता की परिभाषा अनोखी है। 

07:07 PM, 15-Mar-2021

आंदोलन मुक्त असम भी हमारा महत्वपूर्ण मुद्दाः शाह

असम के गुवाहाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आंदोलन मुक्त असम भी हमारा बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है। असम के युवाओं पर गोली चलाने वाली कांग्रेस आज असम के अस्मिता की बात करती है। कांग्रेस ने 70 साल में ब्रह्मपुत्र पर एक पुल बनाया। वे चाहते नहीं थे कि असम एक हो। मोदी जी ने छह साल में छह पुल बनाया है।

विज्ञापन
06:31 PM, 15-Mar-2021

आईपीएस ज्ञानवंत सिंह ममता बनर्जी के सुरक्षा निदेशक

आईपीएस ज्ञानवंत सिंह ममता बनर्जी के सुरक्षा निदेशक नियुक्त किए गए।

06:02 PM, 15-Mar-2021

राहुल भैया, आपकी ट्यूबलाइट बहुत देर से जलती हैः शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने असम के नाहरकटिया में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने मोदी जी से मत्स्य मंत्रालय बनाने की मांग की थी, जो बहुत पहले बन गया था। राहुल भैया, आपकी ट्यूबलाइट बहुत देर से जलती है।

05:14 PM, 15-Mar-2021

केंद्र में निरंकुश सरकारः ममता बनर्जी

पुरुलिया में सीएम ममता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पास देश चलाने की क्षमता नहीं है। केंद्र में एक निरंकुश सरकार बैठी हुई है।

04:41 PM, 15-Mar-2021

भाजपा के सांसद जीतने के बाद दंगा करवाएंगेः ममता

ममता ने कहा कि बंगाल चुनाव लड़ रहे भाजपा के कई सांसदों ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया है, अगर वे चुनाव जीतते हैं तो दंगा करवाएंगे, झूठ फैलाएंगे।

04:33 PM, 15-Mar-2021

दुनिया की कोई भी सरकार मेरे बराबर काम नहीं कीः ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुरुलिया में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा की ‘रथयात्रा’ का माखौल उड़ाया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से केवल भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन के रथ में सवार होने के बारे में जानती थीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी सरकार इतना काम नहीं कर सकी जितना हमारी सरकार ने किया।

04:19 PM, 15-Mar-2021

असम की भाजपा सरकार कांग्रेस से कई गुना ज्यादा प्रभावशालीः नड्डा

नड्डा ने कहा कि सर्बानंद सोनोवाल की अगुवाई वाली भाजपा सरकार के साठ महीने कांग्रेस के 60 साल से ज्यादा प्रभावशाली हैं। कांग्रेस के शासन में भोगीभेल पुल के निर्माण में जानबूझ कर देरी की गई, लेकिन मोदी जी और सोनोवाल के नेतृत्व में, पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया।

04:04 PM, 15-Mar-2021

ये गारंटी है कि कांग्रेस आएगी तो घोटाला ही करेगीः नड्डा

असम में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नड्डा ने कहा कि ये गारंटी है कि कांग्रेस आएगी तो घोटाला ही करेगी। उनका मिशन ही कमीशन है और हमारा ध्येय है मिशन। हम मिशन पर काम करते हैं। ये लोग खड़े होकर बोलते हैं कि हम भारत को बढ़ाएंगे। अरे अपनी पार्टी की चिंता कर लो यही बहुत है बाकी मोदी जी पर छोड़ दो।

04:01 PM, 15-Mar-2021

ममता बनर्जी को एक और झटका

बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी को एक और झटका लगा है। हल्दिया नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष श्यामल कुमार आदक, टीएमसी पार्षद स्वपन दास और सुप्रिया मैती और अन्य लोग सोमवार को कोलकाता में भाजपा नेता मुकुल रॉय की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।  

04:00 PM, 15-Mar-2021

असम को बाढ़ से बचाना हैः नड्डा 

नड्डा ने असम में कहा कि भाजपा के शासन में  गुवाहाटी में एम्स बन रहा है। मोदी जी ने असम को बाढ़ से बचाने के लिए चार गुना ज्यादा पैसा दिया है। इस साल बजट में असम के विकास के लिए 53 हजार करोड़ रुपये दिए गए। 35 हजार करोड़ रुपये राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने के लिए दिया गया।

03:45 PM, 15-Mar-2021

कांग्रेस लटकाने, भटकाने और अटकाने में यकीन रखती हैः नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को असम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ लटकाने, भटकाने और अटकाने में यकीन रखती है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘जोड़ने’ में विश्वास करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस सिर्फ ‘भ्रष्टाचार की गारंटी’ दे सकती है। नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि असम और पूर्वोत्तर राज्यों को भारत की मुख्यधारा से जोड़ा है।

02:43 PM, 15-Mar-2021

क्या दीदी समझेंगी इनका दर्द?'

अमित शाह ने कहा कि हाल ही में ममता दीदी घायल हो गईं। टीएमसी कार्यकर्ता कह रहे हैं कि यह किसी साजिश का हिस्सा है। हालांकि, चुनाव आयोग का कहना है कि यह सिर्फ एक दुर्घटना थी। मैं पूछना चाहता हूं कि दीदी, जो घायल हैं और व्हीलचेयर में घूम रही हैं, क्या वह उन 130 माताओं के दर्द के बारे में जानना चाहती हैं, जिन्होंने राजनीतिक हिंसा के कारण अपने बच्चों को खो दिया है?
 

02:37 PM, 15-Mar-2021

शाह ने उठाया कटमनी का मुद्दा

पश्चिम बंगाल के बांकुरा में रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी ने आदिवासियों के अधिकार देने में भी कटमनी मांगा है। वनपत्र अधिकार देने में कटमनी देना पड़ता है। भाजपा सरकार बना दीजिए, किसी आदिवासी भाई को सर्टिफिकेट लेने के लिए 100 रुपये नहीं देने पड़ेंगे।

02:32 PM, 15-Mar-2021

ममता की चोट पर भी बोले शाह

नंदीग्राम में ममता बनर्जी को चोट लगने को लेकर भी अमित शाह ने बात की। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता ममता बनर्जी को चोट कैसे लगी? फिलहाल, हम दीदी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। भगवान करें कि दीदी जल्द ठीक हों। 

02:29 PM, 15-Mar-2021

शाह बोले- 130 राजनीतिक हत्याओं का हिसाब देंगे

हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते गृहमंत्री अमित शाह भले ही झारग्राम नहीं पहुंच सके, लेकिन बांकुरा में उनकी रैली शुरू हो गई है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल में हम आशा करते थे कि यहां से कम्युनिस्ट शासन जाने के साथ ही राजनीतिक हिंसा समाप्त हो जाएगी, मगर टीएमसी की सरकार ने तो कम्युनिस्टों को भी अच्छा कहलवा दिया। अब राजनीतिक हिंसा और बढ़ गई। 130 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता मार दिए गए। इनका हिसाब जरूर दिया जाएगा।

02:05 PM, 15-Mar-2021

दीदी ने लोगों की समस्याओं पर भी की बात

पुरुलिया में रैली के दौरान ममता बनर्जी ने लोगों की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि टीएमसी की सरकार सत्ता में लौटती है तो बाघमुंडी में पानी की दिक्कत दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि बंगाल को बचाने के लिए लड़ाई लड़नी होगी।

01:57 PM, 15-Mar-2021

ममता ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

ममता बनर्जी ने कहा कि 10 मार्च को एक घटना में मुझे चोट लगी। सौभाग्य से मैं उस दिन बच गई। लोगों ने सोचा था कि टूटे पैर से मैं निकल ही नहीं पाऊंगी, लेकिन मेरे दर्द से आम लोगों का दर्द ज्यादा है। उनके लिए निकलना ही होगा। उन्होंने कहा कि पुरुलिया में पहले बहुत आतंक था। झालदा अयोध्या पहाड़ बागमुंडी को अब बहुत अच्छे से सजाया गया है। ये जगह अब पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि सरकार गैस और तेल के दाम बढ़ा रही है।  

01:54 PM, 15-Mar-2021

तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी बसपा : मायावती

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने सोमवार को एलान किया कि उनकी पार्टी चार प्रदेशों तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी- में बिना किसी गठबंधन के अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। मायावती ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी 2022 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भी अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा, 'हम चुनाव को लेकर काम कर रहे हैं। हम किसी से ज्यादा रणनीति का खुलासा नहीं करते, बसपा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरे दम के साथ चुनाव लड़ेगी और अच्छे परिणाम देगी।' 

01:51 PM, 15-Mar-2021

ममता बोलीं- लोगों का दर्द मेरे दर्द से ज्यादा

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के बाघमुंडी में ममता बनर्जी की रैली शुरू हो गई है। वह व्हीलचेयर पर लोगों को संबोधित कर रही हैं। उनका कहना है कि लोगों का दर्द मेरे दर्द से ज्यादा है। मुझे चोट लगी, लेकिन सौभाग्य से बच गई। लोगों को लगा था कि मैं बाहर नहीं जाऊंगी, लेकिन लोगों के लिए मुझे निकलना पड़ा। 

01:44 PM, 15-Mar-2021

‘मेट्रोमैन’ श्रीधरन ने प्रचार अभियान शुरू किया, कहा- भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही

केरल विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी एवं ‘मेट्रोमैन’ के नाम से देशभर में चर्चित ई श्रीधरन ने सोमवार को चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि भाजपा यह चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ रही है और दावा किया कि छह अप्रैल के विधानसभा चुनाव के बाद केरल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनाएगी। श्रीधरन ने राज्य की मौजूदा वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) की सरकार पर आरोप लगाया कि वह भ्रष्टाचार, घोटाले एवं भाई भतीजावाद में लिप्त है। उन्होंने आरोप लगाया, 'माकपा नीत सरकार राज्य के विकास को लेकर प्रतिबद्ध नहीं है। उसका मुख्य ध्यान पार्टी के विकास पर है।'

01:38 PM, 15-Mar-2021

सीएम पलानीस्वामी ने भरा नामांकन

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में राजनीति जोरों पर है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने एडप्पडी विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। विधानसभा चुनाव के लिए यहां छह अप्रैल को मतदान होगा।
 

01:34 PM, 15-Mar-2021

शाह बोले- 10 साल में बंगाल में चरम पर पहुंचा गुंडाराज

गृह मंत्री अमित शाह आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं और यहां दो जगहों पर रैली करने वाले हैं। हालांकि झारग्राम में रैली से पहले अमित शाह के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिस वजह से उन्हें यहां वर्चुअल तरीके से रैली को संबोधित करना पड़ा। अमित शाह ने अपनी जनसभा को वर्चुअल तरीके से संबोधित करते हुए कहा कि आज मैं झारग्राम में प्रचार के लिए आने वाला था लेकिन दुर्भाग्य से मेरा हेलिकॉप्टर क्षतिग्रस्त हो गया और मैं आप लोगों के दर्शन करने के लिए उपस्थित नहीं हो पाया। रैली में टीएमस पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पिछले दस साल में राज्य के गुंडाराज चरम पर है। अब यहां हिंदूओं को अपने त्योहार बनाने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ता है। अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार ने राज्य में विकास तहस-नहस कर दिया है। 

01:05 PM, 15-Mar-2021

चुनावी हलचल: स्टालिन बोले- जयललिता की मौत के लिए अगर हम जिम्मेदार तो मामला दर्ज करे सरकार

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी सरगर्मियां काफी तेज हो चुकी हैं। इसी कड़ी में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी व्हीलचेयर पर बैठकर पुरुलिया में रैली की तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी असम में जनसभाओं को संबोधित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोमवार को बांकुरा में रैली को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने असम के गुवाहाटी में रैली को संबोधित किया।  

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें