टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एमआरआई हुआ है। उन्हें गंभीर चोट लगी है। हम मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ममता बनर्जी से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानने के लिए अस्पताल पहुंचा। उन्होंने कहा कि मैंने सुरक्षा निदेशक और मुख्य सचिव से इस मामले में अपडेट मांगा। स्वास्थ्य सचिव और अस्पताल के निदेशक से पूरी सावधानी बरतने का आग्रह किया।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को देखने के लिए एसएसकेएम अस्पताल पहुंचे। इस दौरान टीएमसी समर्थकों ने वापस जाओ के नारे लगाए।
चोट लगने के समय वहां मौजूद सुमन नामक छात्र ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी को देखने के लिए जनता अधिक संख्या में इकट्ठा हो गई। उन्हें देखने के लिए लोग उन्हें घेरकर खड़े हो गए। उसी समय उन्हें गर्दन और पैर पर चोट लग गई। सुमन ने कहा कि धक्का तो किसी ने नहीं दिया और गाड़ी भी धीरे-धीरे चल रही थी।
वहीं एक और प्रत्यक्षदर्शी चितरंजन दास ने कहा कि जब ममता दीदी को चोट लगी तो मैं वहां था। मैंने देखा कि वह अपनी कार के अंदर बैठी थीं, लेकिन दरवाजा खुला था। कुछ देर बाद एक पोस्टर को छूने के बाद दरवाजा बंद हो गया, लेकिन किसी ने धक्का नहीं दिया।
तृणमूल छात्र परिषद के सदस्यों ने सीएम ममता बनर्जी के नंदीग्राम में घायल होने के बाद पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च संस्थान में विरोध प्रदर्शन किया।
सीएम ममता का हालचाल लेने के लिए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल धनखड़ अस्पताल पहुंचे हैं।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के इलाज के लिए छह वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम गठित की गई है।
ममता बनर्जी कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल पहुंच चुकीं हैं। इसी अस्पताल में उनका इलाज किया जाएगा।
यहां देखें वीडियो...
इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि मैं ममता दीदी पर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें सजा दी जानी चाहिए। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
चुनाव आयोग ने हमले की घटना पर एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जिसके तहत पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया था कि कुछ लोगों द्वारा धक्का दिए जाने के बाद उन्हें चोट लगी थी।
चोटिल ममता बनर्जी गाड़ी की पिछली सीट पर शिफ्ट की गईं हैं।
चोटिल होने के बाद ममता ने कहा कि 4-5 घंटे तक एक भी पुलिस अधिकारी मौजूद नहीं था। 4-5 लोगों ने जानबूझकर मुझे जनता की मौजूदगी में धक्का दिया। कार्यक्रम के दौरान कोई स्थानीय पुलिस भी मौजूद नहीं थी। यह निश्चित रूप से एक साजिश थी।
चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी के पैर में चोट लगने के बाद राजनीतिक बयानबाजियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ममता दीदी नाटक रही है। उन्होंने कहा कि ममता दीदी ऐसे ड्रामा करके सहानुभूति पाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमला हुआ है तो सीबीआई से जांच कराएं तृणमूल सरकार।
भाजपा में शामिल हुए अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को वाय प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को नंदीग्राम सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी को बाहरी करार देते हुए खुद को भूमिपुत्र बताया।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के बंगाल जाने के बाद ममता बनर्जी को हिंदू-हिंदू करना पड़ा है। यह नरेंद्र मोदी की कामयाबी हो सकती है। अब ममता बनर्जी नरेंद्र मोदी से ज्यादा पूजा पाठ करने लगी हैं। नरेंद्र मोदी को समझ कर चलना पड़ेगा कि वे अकेले नहीं हैं।
पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी कल यानि गुरुवार को कालीघाट में पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगी।
नंदीग्राम से नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि नंदीग्राम मेरे लिए नया नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं अपना नाम भूल सकती हूं लेकिन नंदीग्राम का नहीं। उन्होंने आगे कहा कि नंदीग्राम के मां, भाई, बहनें, मुझे याद रखें और ये याद रखें कि बंगाल में टीएमसी की जीत होगी। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि उन्हें यहां की जनता का आशीर्वाद चाहिए। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं सारे समुदाय से एक समान प्यार करती हूं।