पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस जहां पार्टी को छोड़कर जाने वालों की मुश्किलों से घिरी है, वहीं उसके नेताओं के प्रति आम जन का गुस्सा लगातार बढ़ता दिख रहा है। अब तक टीएमसी के कई नेता आम जनता के गुस्से का शिकार बन चुके हैं। इस सूची में नया नाम टीएमसी विधायक कुणाल घोष का जुड़ा है।
युवक का आरोप- उन्होंने हमारे साथ बहुत बुरा किया है
दरअसल, कोलकाता में पार्टी चेयरपर्सन ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद उनके घर से निकल रहे कुणाल घोष पर एक स्थानीय युवक ने अंडा फेंका। वहीं इस मामले में चंदन नाम के युवक ने बताया कि, 'उन्होंने लोगों पर बहुत जुल्म किए हैं। कुणाल घोष भी कम नहीं हैं। इसलिए, वे इसी के लायक हैं... उन्होंने हमारे साथ बहुत बुरा किया है'।
यह भी पढ़ें-
'यह अमित शाह का खेल': TMC में टूट के बाद कांग्रेस ने लगाया आरोप, जयराम रमेश बोले-खतरे में है सांविधानिक नियम
घटना के बाद क्या बोले कुणाल घोष
इस घटना के बाद कुणाल घोष ने कहा, 'मैं ममता बनर्जी के घर पर हमारे सीनियर नेताओं के साथ मीटिंग के लिए गया था। निकलते समय पत्रकारों ने मुझे रोका और मैं उनके सवालों का जवाब दे रहा था। यह पूरी घटना आपके कैमरों में कैद हो गई है। मैं वहां बिना किसी हथियार के खड़ा था, इसलिए आसानी से निशाना बन गया। वहां दो युवक थे। एक की पहचान हो गई है। उनमें से एक ने मुझ पर अंडा फेंका। मैंने आखिरी पल में अपना चेहरा घुमा लिया; वरना, वह मेरे चश्मे के शीशे पर लग सकता था और मेरी आंख में चोट लग सकती थी'। टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के सामने उन पर हुए कथित हमले के संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
पहले भी निशाना बनाए जा चुके हैं टीएमसी के कई नेता
बता दें कि इससे पहले भी टीएमसी नेताओं पर इस तरह ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें टीएमसी के नेताओं पर अंडे फेंके गए। हाल ही में कामरहाटी के अरियादहा इलाके में विधायक मदन मित्रा के काफिले पर अंडे फेंके और उनके खिलाफ नारेबाजी की थी। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के नेता सब्यसाची दत्ता जो रंगदारी और आपराधिक धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किए गए थे। कोर्ट में पेशी के दौरान उन पर टमाटर और अंडे फेंके गए थे।
यह भी पढ़ें-
TMC Crisis: 'NCPI में विलय के बाद सांसदों ने पार्टी पर अपना दावा खो दिया', तृणमूल के बागियों पर राउत हमलावर
अभिषेक बनर्जी पर भी हुआ था हमला
वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर दौरे के दौरान भी झड़प हुई। उस दौरे के दौरान, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंडे और पत्थर फेंके थे। घटना के वीडियो में नाराज लोग बनर्जी से सवाल-जवाब करते और कुछ लोग स्थानीय मुद्दों पर जवाब मांगते हुए दिखे थे।
कुणाल घोष ने बागी सांसदों पर साधा निशाना
तृणमूल कांग्रेस के विधायक नेता कुणाल घोष ने पार्टी छोड़कर एनसीपीआई में शामिल हुए बागी सांसदों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ये सांसद भाजपा में शामिल होना चाहते थे, लेकिन भाजपा ने उन्हें अपने दल में जगह नहीं दी। कुणाल घोष ने दावा किया कि बागी सांसद भाजपा नेताओं के संपर्क में थे, लेकिन उन्हें सीधे पार्टी में शामिल करने के बजाय दूसरी पार्टी का रास्ता दिखाया गया। उन्होंने कहा कि एनसीपीआई में शामिल होना कोई बड़ी बात नहीं है, असली मुद्दा यह है कि भाजपा ने उनके लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सांसदों के एनसीपीआई में विलय की प्रक्रिया भी स्पष्ट नहीं है और यह लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।